
कोरबा।Korba BJP Leader Assault Case कोरबा पुलिस ने भाजपा नेता के साथ रास्ता रोककर मारपीट और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे, जिन्हें “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत रजगामार पुलिस ने दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, नव निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने भाजपा नेता का रास्ता रोक लिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए लोहे के रॉड और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। आरोपियों ने उनकी कार में भी तोड़फोड़ की और करीब ₹60 हजार की नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर बालको थाना अंतर्गत रजगामार चौकी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन, लोहे का रॉड और लूटी गई नकदी बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्ष्मी नारायण खाण्डे (48), संदीप खाण्डे (22), गंगासागर खाण्डे (39) और अरुण खाण्डे (24) के रूप में हुई है। सभी रजगामार क्षेत्र के निवासी हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कोरबा पुलिस ने कहा है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






