कोरबासामाजिक

Festival Preparations Hit by Inflation : त्योहारों की तैयारी पर महंगाई की मार..शक्कर 60 और गुड़ 70 रुपए पार ..हतप्रभ हैं स्टॉकिस्ट, होलसेलर और रिटेलर

कोरबा। Festival Preparations Hit by Inflation त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही महंगाई ने आम लोगों की जेब पर जोरदार वार किया है। रक्षाबंधन से लेकर गणेश उत्सव, नवरात्रि, विजयादशमी और दीपावली तक चलने वाले त्योहारी दौर में मिठास घोलने वाली शक्कर और गुड़ की कीमतें अचानक तेज हो गई हैं। शक्कर 60 से 65 रुपए किलो तक पहुंच गई है, जबकि गुड़ ने 70 रुपए किलो का आंकड़ा छू लिया है।

28 अगस्त को रक्षाबंधन के साथ त्योहारी सीजन की शुरुआत होगी। इसके बाद श्री गणेश उत्सव, नवरात्रि, विजयादशमी और दीपावली जैसे बड़े पर्व आएंगे। इसी बीच तीज पर्व भी मनाया जाएगा। त्योहारों के दौरान शक्कर और गुड़ की मांग सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाती है, लेकिन इस बार बढ़ी कीमतों ने त्योहारी तैयारियों का बजट बिगाड़ दिया है।

तैयारी को तगड़ा झटका

रक्षाबंधन से शुरू होने वाले त्योहारों के लिए बाजार में तैयारियां जोर पकड़ने लगी थीं, लेकिन शक्कर और गुड़ की कीमतों में आई तेजी ने खुदरा कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। कारोबारियों को आशंका है कि महंगे दाम के कारण उपभोक्ताओं की मांग प्रभावित हो सकती है।

चिल्हर बाजार में खरीदी लगभग 25 फीसदी तक घटने की खबर है। कारोबारियों के मुताबिक, इस तेजी का असर सिर्फ मौजूदा बिक्री पर नहीं, बल्कि आगे की खरीदारी पर भी दिखाई दे रहा है। खासकर शीतकालीन सीजन के लिए होने वाली अग्रिम बुकिंग और पूछताछ फिलहाल बेहद कमजोर है।

स्टॉकिस्ट, होलसेलर और रिटेलर हतप्रभ

बाजार में निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए 4000 क्विंटल की स्टॉक लिमिट का नियम प्रभावी है, लेकिन कीमतों में अचानक आई तेजी ने स्टॉकिस्टों को हैरान कर दिया है।

होलसेल और रिटेल कारोबार में करीब 25 फीसदी तक गिरावट आने की बात सामने आ रही है। कारोबारियों का कहना है कि महंगी खरीदारी के बाद बिक्री प्रभावित होने का जोखिम बढ़ गया है। यही स्थिति गुड़ के बाजार में भी बनती दिखाई दे रही है। इसकी खरीद और अग्रिम सौदों को लेकर पूछताछ तक कमजोर पड़ गई है। ऐसे में कुछ कारोबारी फिलहाल अपनी भंडारण क्षमता अस्थायी रूप से कम करने की योजना बना रहे हैं।

45-48 से सीधे 60 रुपए किलो

कुछ समय पहले तक 45 से 48 रुपए किलो बिकने वाली शक्कर पहले 50 से 55 रुपए किलो पहुंची और अब इसमें एक साथ करीब 5 रुपए की वृद्धि के बाद कीमत 60 रुपए किलो तक पहुंच गई है। आउटर क्षेत्रों में यही शक्कर 65 रुपए किलो तक बिकने की जानकारी है।

गुड़ के बाजार में भी तेजी देखने को मिल रही है। पहले 60 से 64 रुपए किलो के आसपास बिक रहा गुड़ अब करीब 6 रुपए की बढ़ोतरी के बाद 70 रुपए किलो तक पहुंच गया है।

त्योहारों की मिठास पर महंगाई का असर

त्योहारी सीजन में शक्कर और गुड़ की बढ़ती कीमतों का असर सीधे घरेलू बजट पर पड़ने की आशंका है। मिठाई, पकवान और अन्य घरेलू व्यंजनों की लागत बढ़ने के साथ ही बाजार में तैयार होने वाले खाद्य उत्पाद भी महंगे हो सकते हैं।

ऐसे में इस बार त्योहारों की तैयारी के बीच आम उपभोक्ताओं को मिठास के लिए पहले से ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है। कारोबारियों की नजर अब आने वाले दिनों में बाजार की मांग और कीमतों की दिशा पर टिकी है।

Related Articles

Back to top button