रायपुर, 03 जुलाई। CG Cabinet Meeting : छत्तीसगढ़ सरकार की इस महीने की पहली कैबिनेट बैठक अगले सप्ताह आयोजित होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में यह बैठक 8 जुलाई को सुबह 11:30 बजे नया रायपुर स्थित मंत्रालय में होगी। बैठक की सूचना सभी संबंधित विभागों को भेज दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट बैठक में 10 से अधिक महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा की जाएगी। इनमें खाद और बीज की उपलब्धता, प्रदेश में मानसून की स्थिति, किसानों से जुड़े मुद्दे तथा विधानसभा के आगामी मानसून सत्र की तैयारियां प्रमुख रूप से शामिल हैं।
सरकार मानसून के दौरान कृषि गतिविधियों की समीक्षा के साथ विभिन्न विभागों की तैयारियों का भी आकलन करेगी। इसके अलावा विधानसभा के मानसून सत्र से पहले कई प्रशासनिक और नीतिगत प्रस्तावों पर भी विचार किए जाने की संभावना है।
गौरतलब है कि पिछली कैबिनेट बैठक (CG Cabinet Meeting) 23 जून को आयोजित हुई थी, जिसमें सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए थे। अब 8 जुलाई की बैठक पर भी प्रदेश की नजरें टिकी हैं, क्योंकि इसमें कई अहम फैसलों को मंजूरी मिल सकती है।