देश

viral video: हाथियों के झुंड के लिए रोकी गई राजधानी एक्सप्रेस, टला बड़ा हादसा

Assam elephant herd Rajdhani Express: होजाई (असम)। viral video असम के होजाई जिले में बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पर हाथियों का बड़ा झुंड पहुंचने से कुछ देर के लिए राजधानी एक्सप्रेस को रोकना पड़ा। वन विभाग के कर्मचारियों की समय रहते नजर पड़ने और रेलवे को तत्काल सूचना दिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। हाथियों के सुरक्षित रूप से ट्रैक पार करने के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया।

घटना होजाई के हवाइपुर इलाके की है, जो लंका रेंज और नगांव साउथ डिवीजन के अंतर्गत आता है। वन विभाग के कर्मचारियों ने रेलवे ट्रैक पर हाथियों के झुंड को देखा। इसी दौरान डाउन राजधानी एक्सप्रेस के वहां से गुजरने की सूचना थी। वनकर्मियों ने तत्काल लोको पायलट और लुमडिंग रेलवे कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद ट्रेन को समय रहते रोक दिया गया।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में वन विभाग के कर्मचारी रेलवे ट्रैक के पास खड़े होकर ट्रेन को रुकने का इशारा करते दिखाई दे रहे हैं। दूसरी ओर हाथियों का झुंड धीरे-धीरे ट्रैक पार करता नजर आ रहा है।

असम के वन मंत्री जयंत मल्ल बरुआ ने भी घटना का वीडियो साझा किया। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी घटना को साझा करते हुए वन विभाग के कर्मचारियों की तत्परता की तारीफ की। उन्होंने कहा कि हाथियों के कॉरिडोर वाले इलाकों में वनकर्मी रेलवे ट्रैक के आसपास लगातार निगरानी रखते हैं, ताकि हाथियों को सुरक्षित तरीके से ट्रैक पार कराया जा सके।

Related Articles

Back to top button