
रायपुर।Chhattisgarh Attached Teachers Return to Original Posting छत्तीसगढ़ के शिक्षा विभाग में वर्षों से चल रहे ‘अटैचमेंट राज’ पर अब बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। स्कूल शिक्षा मंत्री की सख्ती के बाद लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए विभिन्न कार्यालयों में संलग्न (अटैच) शिक्षकों और कर्मचारियों को तत्काल उनकी मूल पदस्थापना पर कार्यमुक्त करने को कहा है।
25 जून 2026 को जारी डीपीआई के आदेश में कहा गया है कि 23 जून को आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने विभाग में चल रही संलग्नीकरण व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए इसे समाप्त करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद संभागीय संयुक्त संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी और विकासखंड स्रोत समन्वयक कार्यालयों में वर्षों से संलग्न शिक्षकों एवं कर्मचारियों को तत्काल उनके मूल स्कूल या संस्था में वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
डीपीआई ने सभी अधिकारियों से ऐसे कर्मचारियों और शिक्षकों का पूरा ब्यौरा तत्काल मांगा है। निर्धारित प्रारूप में संलग्न कर्मचारी का नाम, पदनाम, कार्यमुक्त किए गए कर्मचारी का नाम, कार्यमुक्ति आदेश क्रमांक और तिथि सहित पूरी जानकारी संचालनालय को भेजनी होगी।
शिक्षा विभाग के इस फैसले को ‘अटैचमेंट संस्कृति’ पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। यदि आदेश का सख्ती से पालन हुआ तो वर्षों से कार्यालयों में जमे शिक्षकों और कर्मचारियों की घर वापसी तय मानी जा रही है। आदेश की प्रति स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव को भी सूचनाार्थ भेजी गई है।






