BreakingFeaturedकोरबाराजनीति

Chhattisgarh OPS News: बिजली कंपनी के 12 संगठन एकजुट, पुरानी पेंशन बहाली के लिए बनाया अधिकार मंच

रायपुर। Chhattisgarh OPS News छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनी में वर्ष 2004 के बाद नियुक्त अधिकारी-कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) का लाभ दिलाने की मांग अब बड़े आंदोलन का रूप लेने जा रही है। शनिवार को रायपुर के सिमरन होटल में आयोजित ऐतिहासिक बैठक में कंपनी के 12 अधिकारी एवं कर्मचारी संगठनों ने एकजुट होकर ‘विद्युत अधिकारी-कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाली अधिकार मंच’ का गठन किया। बैठक में शामिल 72 प्रतिनिधियों ने एक स्वर में पुरानी पेंशन बहाली तक चरणबद्ध और संयुक्त संघर्ष चलाने का संकल्प लिया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि अधिकार मंच के संचालन और आगामी आंदोलन की रणनीति तय करने के लिए सभी 12 संगठनों से दो-दो प्रतिनिधियों की समिति बनाई जाएगी। विशेष बात यह रहेगी कि प्रत्येक संगठन से एक प्रतिनिधि NPS धारक कर्मचारी होगा। समिति की अगली बैठक अगले सप्ताह आयोजित होगी, जिसमें आंदोलन की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी।

बैठक में यह भी तय हुआ कि 6 अक्टूबर 2023 को मुख्यमंत्री द्वारा पुरानी पेंशन योजना लागू करने संबंधी दी गई सैद्धांतिक सहमति के आधार पर कंपनी प्रबंधन को आवश्यक निर्देश जारी कराने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके साथ ही प्रांतीय एवं क्षेत्रीय स्तर पर जनजागरण अभियान और चरणबद्ध आंदोलन की भी तैयारी की जाएगी।

बैठक में अभियंता संघ, फेडरेशन-01, जनता यूनियन, बिजली कर्मचारी महासंघ, विद्युत कर्मचारी संघ (इंटक-56), आरक्षित वर्ग अधिकारी-कर्मचारी संघ, तकनीकी कर्मचारी संगठनों, डॉक्टर्स एसोसिएशन, कर्मचारी ऑफिसर्स एसोसिएशन और कार्यालयीन कर्मचारी संघ बस्तर सहित कुल 12 संगठनों के 72 प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक का संचालन शब्बीर मेमन ने किया। सभी प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि अधिकारी-कर्मचारियों की यह अभूतपूर्व एकजुटता पुरानी पेंशन बहाली के आंदोलन को नई मजबूती देगी और सरकार पर सकारात्मक निर्णय लेने का दबाव बनाएगी।

Related Articles

Back to top button