
कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा। PodiUproda जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में निर्माण कार्यों की आईडी जारी नहीं होने और भुगतान संबंधी जानकारी उपलब्ध नहीं कराए जाने को लेकर जनप्रतिनिधियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर समस्त जनपद सदस्य एवं सरपंच संघ ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोड़ी उपरोड़ा को ज्ञापन सौंपते हुए प्रशासन को 7 दिनों का अल्टीमेटम दिया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि 15 जून 2026 को निर्माण कार्यों की आईडी जारी नहीं किए जाने के विरोध में जनपद सदस्यों ने सामान्य सभा बैठक का बहिष्कार कर जनपद कार्यालय में तालाबंदी और धरना-प्रदर्शन किया था। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि निर्माण कार्यों की आईडी और भुगतान की स्थिति की जानकारी नहीं मिलने से सरपंचों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनके अधिकारों का हनन हो रहा है।
सरपंच संघ और जनपद सदस्यों ने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो जनपद कार्यालय में दोबारा तालाबंदी की जाएगी। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर चक्का जाम कर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
इस चेतावनी के बाद प्रशासनिक अमले में भी हलचल तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन जनप्रतिनिधियों की मांगों पर कितना गंभीर रुख अपनाता है और तय समय सीमा में समाधान निकाल पाता है या नहीं।






