छत्तीसगढ़

Sand Mafia : रेत माफिया का तांडव…! अंबिकापुर में खनिज विभाग की टीम पर हमला…आरक्षक से मारपीट कर जब्त वाहन छुड़ाकर फरार

जब्त वाहन छुड़ाकर फरार

अंबिकापुर, 23 जून। Sand Mafia : छत्तीसगढ़ में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच बड़ा मामला सामने आया है। रायपुर से अंबिकापुर पहुंची खनिज विभाग की टीम पर रेत माफिया ने हमला कर दिया। हमले में टीम के साथ मौजूद एक आरक्षक के साथ मारपीट की गई और जब्त किया गया वाहन छुड़ाकर आरोपी मौके से फरार हो गए। यह घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के गांधी चौक इलाके की बताई जा रही है।

कार्रवाई के दौरान हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग की टीम अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे एक वाहन पर कार्रवाई करने पहुंची थी। टीम ने वाहन को जब्त कर लिया था और उसे आगे की प्रक्रिया के लिए ले जाया जा रहा था।

इसी दौरान गांधी चौक क्षेत्र में कुछ लोगों ने टीम को घेर लिया और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई और आरोप है कि इस दौरान रेत माफिया से जुड़े लोगों ने टीम पर हमला कर दिया।

आरक्षक से मारपीट, वाहन लेकर फरार

हमले के दौरान टीम के साथ मौजूद एक आरक्षक के साथ मारपीट की गई। इसके बाद हमलावर जब्त किए गए वाहन को जबरन अपने कब्जे में लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच शुरू

सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने इस मामले में लहटन खान सहित तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जब्त वाहन की भी खोजबीन की जा रही है।

पहले भी उठ चुके हैं सवाल

गौरतलब है कि हाल ही में कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र में रेत ठेका विवाद को लेकर हुई हिंसक घटना में तीन लोगों की हत्या हो चुकी है। इसके बाद राज्य सरकार ने अवैध रेत खनन और परिवहन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में रायपुर से विशेष टीम को सरगुजा संभाग में कार्रवाई के लिए भेजा गया था, लेकिन इस हमले ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button