यूपी

Suicide after Murder : दो बच्चों का गला घोंटकर हत्या…फिर पिता झूल गया फंदे से…! जाते-जाते दीवार पर लिखा सुसाइड नोट

पत्नी 66वीं बटालियन हेडक्वार्टर में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी

महाराजगंज, 08 मार्च। Suicide after Murder : उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के नौतनवा कस्बे में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक पिता ने पहले अपने दो मासूम बच्चों को मार डाला और फिर खुद भी फांसी लगा ली। इन तीन मौतों की खबर फैलते ही पूरा मोहल्ला मातम और सन्नाटे में डूब गया। यह घटना इंडो-नेपाल बॉर्डर से सटे नौतनवा नगर पालिका के गांधी नगर वार्ड में हुई। अमरेश कुमार अपनी पत्नी वंदना कुमारी और दो छोटे बच्चों के साथ किराए के मकान में रहते थे। वंदना कुमारी सशस्त्र सीमा बल के 66वीं बटालियन हेडक्वार्टर में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। बताया गया है कि वंदना कुमारी रविवार को हमेशा की तरह अपने काम पर गई थी। अमरेश कुमार अपनी चार साल की बेटी कंचन और तीन साल के बेटे अमरेंद्र के साथ घर पर था। इसी दौरान उसने रस्सी से दोनों बच्चों का गला घोंट दिया। जब बच्चों की सांसें थम गईं, तो उसने कमरे में फांसी लगा ली। सुबह जब घटना की खबर फैली, तो इलाका दहल गया। घर के अंदर का नजारा देखकर लोगों की आंखों में आंसू आ गए और पूरे मोहल्ले में गम का माहौल फैल गया।

दीवार पर मैसेज और सुसाइड नोट मिला

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। उनके साथ बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स के अधिकारी भी पहुंचे। कमरे की जांच के दौरान पुलिस को दीवार पर लिखा एक मैसेज और एक सुसाइड नोट मिला, जिससे परिवार में कलह का शक है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की अच्छी तरह से जांच की जा रही है। इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और हर कोई इस दुखद घटना से हैरान और परेशान है। गांधी नगर वार्ड के सभासद आशिफ कुरैशी ने बताया कि मोहल्ले के लोगों से सूचना मिली थी कि एसएसबी में तैनात एक महिला के पति ने अपने दो बच्चों के साथ आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि यह बेहद दुखद घटना है। एक महिला जो एसएसबी में तैनात है, उसके पति ने अपने दोनों बच्चों के साथ अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। वहीं, मामले में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि थाना नौतनवा के गांधी नगर वार्ड में एक व्यक्ति द्वारा अपने दो बच्चों के साथ आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। दीवार पर लिखे शब्दों और मौके से मिले सुसाइड नोट के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button