Rice Mill Accident : सूरजपुर में राइस मिल हादसे पर बड़ी कार्रवाई…! मिल संचालक पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज
बोरी में चावल भरने के दौरान हुआ हादसा
सूरजपुर, 07 फरवरी। Rice Mill Accident : औद्योगिक क्षेत्र नैनपुर स्थित मित्तल कोल्ड स्टोरेज एंड एग्रो प्रोडक्ट के राइस मिल में हुए दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने राइस मिल संचालक संदीप अग्रवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
यह हादसा 13 दिसंबर को उस समय हुआ, जब राइस मिल में बोरी में चावल भरने का काम चल रहा था। इसी दौरान मिल परिसर में बनी कमजोर और जर्जर पार्टीशन दीवार अचानक ढह गई, जिसके मलबे में दबकर वेद सिंह, भोजसाय और चुनगढ़ी गांव निवासी विपुल राजवाड़े की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल भी हुआ था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर एस. जयवर्धन और एसएसपी प्रशांत ठाकुर स्वयं मौके पर पहुंचे थे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रशासन और पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की गई।
जांच में सामने आया कि कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन द्वारा मजदूरों को किसी भी प्रकार के सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। इसके अलावा मजदूरों से जर्जर और असुरक्षित दीवार के पास जान जोखिम में डालकर काम कराया जा रहा था, जो सीधे तौर पर हादसे का कारण बना।
जांच रिपोर्ट के आधार पर अब पुलिस ने मिल संचालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है, वहीं प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यदि जांच में अन्य जिम्मेदारों की भूमिका सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।



