बलौदाबाजार

Firing at Annual Celebration : बलौदाबाजार में स्कूल के बाहर फायरिंग से मचा हड़कंप…! छात्रा घायल

वार्षिकोत्सव कार्यक्रम के दौरान चली गोली, विधायक थे मौजूद

बलौदाबाजार, 24 जनवरी। Firing at Annual Celebration : जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खैरा में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक स्कूल में चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान बाहर अचानक गोली चल गई। हैरानी की बात यह रही कि घटना के वक्त स्कूल परिसर के भीतर वार्षिकोत्सव कार्यक्रम चल रहा था और कार्यक्रम में विधायक भी मौजूद थे।

फायरिंग की घटना में एक छात्रा के पैर में गोली का छर्रा लग गया। घायल छात्रा को तत्काल जिला अस्पताल बलौदाबाजार ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार छात्रा की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

गुपचुप विवाद बना फायरिंग की वजह

प्राप्त जानकारी के अनुसार खैरा हायर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया था। दोपहर करीब 3:30 बजे कुछ छात्राएं स्कूल परिसर से बाहर गुपचुप खाने के लिए निकली थीं। इसी दौरान गुपचुप विक्रेता के पास सामान खत्म होने को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति से कहासुनी इतनी बढ़ गई कि उसने अपने पास रखी दोनाली बंदूक से फायर कर दिया।

आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी

फायरिंग से निकला छर्रा पास में खड़ी एक छात्रा के पैर में जा लगा, जिससे वह घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त हथियार को जब्त किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button