Sarguja में दिनदहाड़े 1 करोड़ के जेवरात की उठाईगिरी… CCTV में कैद हुई वारदात

News Power Zone
3 Min Read
Sarguja

सरगुजा 26 जुलाई। Sarguja जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह दिनदहाड़े सराफा कारोबारी से करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग उठाकर बदमाश फरार हो गए। घटना व्यस्त बाजार और नेशनल हाईवे-43 से सटे इलाके में हुई, जिससे व्यापारियों और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

दुकान का शटर खोलते ही बदमाश ने उड़ाया बैग

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 11:30 बजे कारोबारी स्कूटी में ज्वेलरी का बैग लेकर अपनी दुकान पहुंचा। उसने बैग स्कूटी पर रखा और दुकान का शटर खोलने लगा। इसी दौरान बाइक सवार शातिर बदमाश मौके पर पहुंचे और कुछ ही सेकंड में जेवरात से भरा बैग उठाकर फरार हो गए। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।

CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी घटना

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। पुलिस एक नकाबपोश युवती की भूमिका की भी जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक उसके वारदात में शामिल होने की पुष्टि नहीं हुई है।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और संभावित भागने के रास्तों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

व्यापारियों में नाराजगी, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

दिनदहाड़े हुई इस बड़ी वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि बाजार क्षेत्र में पहले भी चोरी और चेन स्नेचिंग जैसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन कई मामलों में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। व्यापारियों ने बाजार में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर व्यस्त बाजारों में व्यापारियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।

Share This Article