Bhatapara Robbery : बलौदाबाजार में बेखौफ बदमाश…! बंदूक दिखाकर ज्वेलरी व्यापारी से लाखों के जेवर लूटे…पुलिस अलर्ट

News Power Zone
2 Min Read
Bhatapara Robbery

बलौदाबाजार, 16 जुलाई। Bhatapara Robbery : जिले में नए पुलिस अधीक्षक के पदभार ग्रहण करने के कुछ समय बाद ही दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र में दो बाइक सवार बदमाशों ने एक ज्वेलरी व्यापारी को बंदूक की नोक पर रोककर सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, बलराम सोनी गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे ग्राम तरेंगा से अपनी ज्वेलरी दुकान के लिए ग्राम रोहरा जा रहे थे। वह मोटरसाइकिल से अकेले सफर कर रहे थे। इसी दौरान सुनसान रास्ते में दो बाइक सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।

पीड़ित के मुताबिक, एक आरोपी ने उन पर बंदूक तान दी और जान से मारने की धमकी देते हुए उनके हाथ में मौजूद सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि व्यापारी के पास लूटे गए आभूषणों से संबंधित तत्काल कोई बिल या दस्तावेज उपलब्ध नहीं था। ऐसे में पुलिस जेवरों की वैधता, मात्रा और वास्तविक मूल्य की भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के हर पहलू की जांच करते हुए फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

Share This Article