Police Alert : नव वर्ष से पहले कोरबा पुलिस अलर्ट…पिकनिक स्थलों पर बढ़ाई गई गश्त…नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
हुड़दंग नहीं चलेगा, कोरबा पुलिस ने कसी कमर
कोरबा, 28 दिसंबर। Police Alert : नव वर्ष 2026 के आगमन से पूर्व जिले में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। आम नागरिकों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराने के लिए जिले भर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
पुलिस द्वारा जिले के सभी प्रमुख पिकनिक स्थलों, पर्यटन क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है। कोरबा पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोग नव वर्ष का उत्सव कानून के दायरे में रहकर और बिना किसी अव्यवस्था के मना सकें।
इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, तेज आवाज में संगीत बजाने, सार्वजनिक स्थलों पर अशोभनीय व्यवहार करने या किसी भी तरह की कानून-विरोधी गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीमों द्वारा यातायात नियमों का पालन, नशे में वाहन चलाने पर रोक, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण और महिला सुरक्षा पर विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही चलती गाड़ियों की रैंडम चेकिंग भी की जा रही है।
कोरबा पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों, खासकर युवाओं से अपील की है कि वे नव वर्ष का स्वागत जिम्मेदारी के साथ करें, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। किसी भी आपात स्थिति या शिकायत की स्थिति में नागरिक पुलिस नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाना से तुरंत संपर्क कर सकते हैं।



