राजनीति

Vande Mataram Controversy : वंदे मातरम विवाद पर घिरी कांग्रेस…! अजय चंद्राकर ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

भूपेश बघेल पर अजय चंद्राकर का तंज- जूता चोरी का डर है तो नया जूता दे देंगे

रायपुर, 16 अगस्त। Vande Mataram Controversy : झारखंड में छात्रों के आंदोलन को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कथित चुप्पी पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने तीखा तंज कसा है। चंद्राकर ने कहा कि भूपेश बघेल हवा चलने, बारिश होने और धूप निकलने तक की जांच की मांग कर सकते हैं, लेकिन झारखंड के छात्रों के आंदोलन पर बोलने से बच रहे हैं।

अजय चंद्राकर ने तंज कसते हुए कहा कि अगर भूपेश बघेल जूता चोरी होने के डर से झारखंड नहीं जा रहे हैं, तो उन्हें नया जूता दे दिया जाएगा। उनके इस बयान को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है।

वंदे मातरम विवाद पर कांग्रेस को घेरा

भाजपा विधायक ने वंदे मातरम विवाद को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राष्ट्रीय पर्व का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है। कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में वंदे मातरम के गायन को लेकर सामने आए विवाद पर चंद्राकर ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की।

चंद्राकर ने कहा कि वंदे मातरम देश की अस्मिता और देशभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके अपमान जैसी घटनाओं को तुष्टिकरण की राजनीति से जोड़कर देखा जाना चाहिए। हालांकि, इन आरोपों पर कांग्रेस का पक्ष अलग हो सकता है और पूरे विवाद की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

‘जो देश का विरोध करते हैं, वो नक्सलाइट हैं’

स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैचारिक नक्सलवाद संबंधी बयान का जिक्र करते हुए चंद्राकर ने कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम से जुड़े कथित विवाद पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और देशभक्ति से जुड़ी चीजों का विरोध करना नक्सली मानसिकता का एक रूप है।

वायरल वीडियो और FIR पर भी बयान

सोशल मीडिया पर वायरल भाजपा विधायक के कथित वीडियो को लेकर धमतरी में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दर्ज FIR पर भी अजय चंद्राकर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सुप्रिया श्रीनेत और पवन खेड़ा समेत अन्य नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है।

चंद्राकर का दावा है कि वायरल वीडियो कुरुद के प्रशिक्षण शिविर का पुराना वीडियो है, जिसे 15 अगस्त के कार्यक्रम से जोड़कर प्रसारित किया गया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष धमतरी में सरकारी कार्यक्रम में उन्हें अतिथि बनाया गया था और वहां निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत ध्वजारोहण हुआ।

भाजपा विधायक ने कांग्रेस नेताओं पर बिना सत्यापन वीडियो प्रसारित करने का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार नेताओं से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास जनहित के मुद्दे नहीं बचे हैं और इस तरह की राजनीति को जनता स्वीकार नहीं करेगी।

Related Articles

Back to top button