BreakingFeaturedकोरबा

स्वतंत्रता दिवस पर जनता यूनियन कार्यालय में गूंजा देशभक्ति का जयघोष, सेवानिवृत्त कर्मचारियों का हुआ सम्मान

कोरबा। Janata Union Korba Independence Day 2026 छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन की कोरबा शाखा द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोरबा पश्चिम (दर्री) स्थित संगठन कार्यालय में गरिमामय समारोह आयोजित कर ध्वजारोहण किया गया। विद्युत कंपनी से सेवानिवृत्त जनता यूनियन के वरिष्ठ साथी सुंदरलाल साहू, देवी प्रसाद साहू एवं प्रांतीय अध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने संयुक्त रूप से तिरंगा फहराया।

कार्यक्रम विद्युत कंपनी द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप संपन्न हुआ। समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद ध्वजारोहण, राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ और राष्ट्रगीत के गायन के साथ पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। उपस्थित लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारों से प्रांगण गुंजायमान कर दिया।

कर्मचारियों के योगदान को किया याद

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि एवं संगठन के संरक्षक डी.एस. दीक्षित ने कहा कि जनता यूनियन द्वारा राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर राष्ट्र और तिरंगे के सम्मान की परंपरा लंबे समय से निभाई जा रही है। उन्होंने कहा कि संगठन हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाने के साथ ही सेवानिवृत्त एवं वरिष्ठ साथियों का सम्मान करता है। उन्होंने इस परंपरा को अनुकरणीय बताया।

मुख्य अतिथि एवं प्रांतीय अध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने विद्युत सेवा और निर्बाध बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में कर्मचारियों के अथक परिश्रम और योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्युत कर्मचारी विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए आम जनता तक बिजली सेवा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पुरानी पेंशन और नियमितीकरण को बताया प्राथमिक लक्ष्य

अनिल द्विवेदी ने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जनता यूनियन कर्मचारियों के अधिकारों और हितों के लिए अंतिम समय तक संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन योजना की बहाली और संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण संगठन के प्रमुख लक्ष्यों में शामिल है। इन मांगों को लेकर संगठन की ओर से लगातार प्रयास जारी हैं।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान

समारोह के अंतिम चरण में विद्युत कंपनी की सेवा से हाल ही में सेवानिवृत्त हुए संगठन के साथियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ साथियों के योगदान और सेवाकाल को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त सुंदरलाल साहू एवं देवी प्रसाद साहू, कार्यक्रम अध्यक्ष प्रांतीय अध्यक्ष अनिल द्विवेदी, संरक्षक डी.एस. दीक्षित और एस.एन. राठौर सहित लक्ष्मी प्रसाद यादव, हरनारायण राठौर, संजय लसार, जॉर्ज के थांकचंद, आर.सी. भास्कर, गेंदराम साहू, मुरलीधर सोनीकर, प्रकाश सिंह राठौर, पुष्पेंद्र सिंह बैस, कुशल सोनवानी, भागवत रावत, अरुण सागर, त्रिलोक पटेल, संजय राठौर, रितेश सोनी, धीरेन्द्र बरेठ, हेमप्रकाश सोनवानी, अनुसूया धनुहार, पटेल मैडम सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन सम्मेलाल श्रीवास ने किया। समारोह का समापन राष्ट्रप्रेम और संगठनात्मक एकजुटता के संदेश के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button