
कोरबा। BJP Bike Rally Korba Without Helmet भाजपा महिला मोर्चा के ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र–04’ कार्यक्रम में एक ओर जहां 30 हजार से अधिक राखियां जुटाकर देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया, वहीं कार्यक्रम से जुड़ी बाइक रैली को लेकर ट्रैफिक नियमों पर सवाल भी खड़े हो गए। रैली में कई कार्यकर्ता बिना हेलमेट नजर आए, जबकि भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी हेलमेट पहने दिखाई दिए।
दशहरा मैदान, फेस–01, आर.पी. नगर में आयोजित कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन तथा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
30 हजार से अधिक राखियां, सैनिकों के नाम सम्मान
‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र–04’ के तहत बहनों ने 30 हजार से अधिक राखियां एकत्रित कीं। इन राखियों को पूर्व सैनिक महेंद्र प्रताप सिंह राणा को सौंपा गया। इस दौरान उन्हें मां सर्वमंगला की पावन धरती का तिलक भी लगाया गया।
आयोजकों ने कहा कि यह राखियां केवल रक्षा बंधन का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात सैनिकों के प्रति कोरबा की बहनों के प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता का संदेश हैं।
राष्ट्रभक्ति के मंच पर ट्रैफिक नियमों का सवाल
कार्यक्रम के दौरान निकली बाइक रैली की तस्वीरें सामने आने के बाद एक अलग सवाल भी चर्चा में है। रैली में कई बाइक सवार बिना हेलमेट नजर आए। खास बात यह रही कि भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी हेलमेट पहने हुए दिखाई दिए।
सवाल यही है कि जब कार्यक्रम का संदेश देश की सुरक्षा और अनुशासन से जुड़ा हो, तब सड़क पर निकलने वाली रैली में हेलमेट जैसे बुनियादी सुरक्षा नियमों का पालन क्यों नहीं हुआ? बाइक चलाते समय हेलमेट महज ट्रैफिक नियम नहीं, बल्कि सड़क पर जीवन की सुरक्षा से जुड़ा जरूरी उपाय है।
मंच से सैनिकों के त्याग को किया नमन
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय सैनिक दिन-रात सीमाओं पर डटे रहकर देश की सुरक्षा करते हैं। उनके त्याग और बलिदान के प्रति सम्मान प्रकट करना हर नागरिक का दायित्व है। बहनों द्वारा भेजी गई राखियां सैनिकों के प्रति प्रेम, विश्वास और सम्मान का प्रतीक हैं।
कार्यक्रम में सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, जिला संयोजिका सांस्कृतिक प्रकोष्ठ अंजना सिंह सहित भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एक तरफ 30 हजार राखियों के जरिए सैनिकों को सम्मान, दूसरी तरफ बाइक रैली में बिना हेलमेट नजर आए कार्यकर्ता। अब चर्चा इस बात की है कि राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों का संदेश भी उतनी ही मजबूती से दिया जाना चाहिए था।







