छत्तीसगढ़

Urban Issues : लिफ्ट सुरक्षा पर उठे सवाल: राजधानी में बढ़ती घटनाओं से दहशत… सख्त कार्रवाई की मांग तेज

रायपुर, 30 अप्रैल। Urban Issues : राजधानी की बहुमंजिला इमारतों में लिफ्ट सुरक्षा को लेकर चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। गुरुवार को फाफाडीह स्थित पिथालिया कॉम्प्लेक्स में एक और गंभीर घटना सामने आई, जब आईएएस अधिकारी सिद्धार्थ कोमल परदेशी की पत्नी गार्गी परदेशी करीब 15-20 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रहीं। तकनीकी खराबी के चलते लिफ्ट अचानक रुक गई और दरवाजा नहीं खुला, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।

15-20 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रहीं महिला

जानकारी के अनुसार, गार्गी परदेशी किसी निजी कार्य से कॉम्प्लेक्स पहुंची थीं। लिफ्ट में फंसने के बाद उन्होंने शोर मचाकर और मोबाइल के जरिए मदद की सूचना दी। सुरक्षा कर्मियों और तकनीशियनों ने काफी प्रयासों के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि वे घबराई हुई थीं, लेकिन किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले वीआईपी रोड स्थित करेंसी टॉवर में एसीएस ऋचा शर्मा भी करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसी थीं। उस दौरान लिफ्ट का इमरजेंसी अलार्म काम नहीं कर रहा था और मोबाइल नेटवर्क भी उपलब्ध नहीं था, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।

रखरखाव व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

लगातार हो रही इन घटनाओं ने शहर की बहुमंजिला इमारतों में लिफ्ट के रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम लोगों में डर और नाराजगी बढ़ रही है। नागरिकों ने नगर निगम और संबंधित विभागों से बिल्डिंग संचालकों पर सख्त कार्रवाई और नियमित लिफ्ट सेफ्टी ऑडिट कराने की मांग की है।

विशेषज्ञों की चेतावनी

विशेषज्ञों का मानना है कि लिफ्ट की नियमित जांच, मेंटेनेंस और इमरजेंसी सिस्टम का सही तरीके से काम करना बेहद जरूरी है। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button