EVPG College Korba : कोरबा PG कॉलेज ऑडिटोरियम का कलेक्टर कुणाल दुदावत ने किया निरीक्षण…! अधूरे काम जल्द पूरा करने के सख्त निर्देश
कोरबा, 03 अगस्त। EVPG College Korba : कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सोमवार को शासकीय ई.वी. पीजी कॉलेज, कोरबा में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अधूरे कार्यों, इंटीरियर और आवश्यक सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को जल्द आधुनिक ऑडिटोरियम की सुविधा मिल सके।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा ऑडिटोरियम
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंच, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश एवं ध्वनि प्रणाली, इंटीरियर और अन्य आवश्यक उपकरणों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ऑडिटोरियम को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए ताकि यहां शैक्षणिक, सांस्कृतिक और अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रम बेहतर तरीके से आयोजित किए जा सकें।
कॉलेज की समस्याओं पर भी हुई चर्चा
कलेक्टर ने प्रभारी प्राचार्य डॉ. बी.एल. साय से कॉलेज की शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही विद्यार्थियों की आवश्यकताओं और संस्थान की अन्य समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल का भरोसा दिलाया।
एस्ट्रोटर्फ मैदान और निविदा प्रक्रिया की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान नगर निगम अधिकारियों से PG कॉलेज मैदान में प्रस्तावित एस्ट्रोटर्फ मैदान और ऑडिटोरियम के शेष कार्यों की निविदा प्रक्रिया की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने जिला पंचायत CEO प्रतीक जैन और नगर निगम अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
शेड और कंक्रीट मार्ग बनाने के निर्देश
विद्यार्थियों और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने ऑडिटोरियम परिसर के बाहर पर्याप्त शेड निर्माण, प्रवेश द्वार से सीढ़ियों तक शेड लगाने और पूरे मार्ग का कंक्रीटीकरण कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बारिश और धूप में आने-जाने वालों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।






