Tree Cutting Case : कोरबा में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को झटका…! दुकान संचालक ने कटवाया सरकारी पौधा…पुलिस ने की कार्रवाई
हरियाली से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई
कोरबा, 03 अगस्त। Tree Cutting Case : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाए गए सरकारी पौधे को कटवाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। निहारिका स्थित ममता स्टील एंपोरियम के संचालक किशोर अग्रवाल और उनके कर्मचारी सुधीर गिरी के खिलाफ रामपुर पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया है।
नगर निगम की शिकायत पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, नगर निगम ने शहर को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से निहारिका क्षेत्र की सड़क किनारे पौधारोपण किया था। आरोप है कि ममता स्टील एंपोरियम के संचालक किशोर अग्रवाल ने अपने कर्मचारी सुधीर गिरी को निर्देश देकर वहां लगा सरकारी पौधा कटवा दिया और उसे फेंकवा दिया।
इसकी जानकारी मिलने पर नगर निगम की टीम ने बिना अनुमति सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की शिकायत सिविल लाइन थाना रामपुर में दर्ज कराई।
पुलिस ने दी चेतावनी
रामपुर थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि शिकायत की जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 170 के तहत दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दोनों को नोटिस देकर भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने की सख्त हिदायत दी है।
60 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य
जिला प्रशासन और नगर निगम ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जिले में 60 हजार पौधे लगाने के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं। विभिन्न वार्डों में लगातार पौधारोपण किया जा रहा है और लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान के तहत लगाए गए किसी भी पौधे या पेड़ को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है और हर नागरिक को इसमें सहयोग करना चाहिए।






