
कोरबा। Korba Fake Paneer Inspection प्रदेशभर में नकली (एनालॉग) पनीर पर प्रतिबंध के बाद कोरबा में शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम अचानक मैदान में उतर गई। शहर की प्रमुख डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर एक-एक कर छापामार जांच हुई। जांच की खबर फैलते ही कारोबारियों में हड़कंप मच गया। हर किसी की नजर इस बात पर थी कि कहीं किसी प्रतिष्ठान से प्रतिबंधित एनालॉग पनीर तो बरामद नहीं हो जाएगा।

खाद्य आयुक्त दीपक अग्रवाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत और संघर्ष मिश्रा ने वंदना सेल्स, वचन मिल्क पार्लर, अलंकार डेयरी, गणेश डेयरी, प्रभात डेयरी, रवि डेयरी, संतोष डेयरी और सर्वमंगला डेयरी समेत कई प्रतिष्ठानों में पनीर और अन्य डेयरी उत्पादों की जांच की।
जांच के दौरान अलंकार डेयरी, गणेश डेयरी और प्रभात डेयरी सहित सभी प्रतिष्ठानों में सामान्य डेयरी उत्पाद और वैध पनीर मिला। कहीं भी प्रतिबंधित एनालॉग (नकली) पनीर नहीं पाया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी प्रतिष्ठान में नियमों के विपरीत एनालॉग पनीर का भंडारण या बिक्री नहीं मिली।
हालांकि विभाग ने कारोबारियों को सख्त चेतावनी भी दी है कि भविष्य में यदि किसी होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी, हलवाई या कैटरर के यहां एनालॉग पनीर का उपयोग, भंडारण या बिक्री पाई गई तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के सभी हलवाई, कैटरर और शादी-ब्याह व बड़े भोज आयोजित करने वाले संचालकों को भी निर्देश जारी किए हैं कि वे वैध खाद्य लाइसेंस लेकर ही कार्य करें और किसी भी परिस्थिति में एनालॉग पनीर का उपयोग न करें।
विभाग का कहना है कि लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आने वाले दिनों में भी जिलेभर में इस तरह का सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।






