SIM Card New Rules 2026: आज से बदले SIM Card के नियम, 9 नंबर पूरे होते ही नया सिम बंद, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के बिना नहीं मिलेगा SIM Card

News Power Zone
5 Min Read

मुंबई। SIM Card New Rules 2026: मोबाइल SIM कार्ड खरीदने, बदलने, किसी दूसरे के नाम ट्रांसफर कराने या बंद कराने के नियम आज 24 अगस्त 2026 से पहले से ज्यादा सख्त हो गए हैं। एक व्यक्ति अपने नाम पर अधिकतम 9 SIM कार्ड ही रख सकता है। यानी आपके नाम पर Jio, Airtel, Vi या BSNL के जितने भी SIM हैं, उन सभी को मिलाकर कुल संख्या 9 से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। साथ ही SIM से जुड़े कई जरूरी कामों के लिए अब बायोमेट्रिक पहचान जरूरी होगी।

 

किस राज्य में कितने सिम कार्ड का रूल

 

सामान्य तौर पर एक व्यक्ति के नाम पर अधिकतम 9 मोबाइल कनेक्शन की सीमा है। जम्मू-कश्मीर, असम और पूर्वोत्तर राज्यों में यह सीमा 6 कनेक्शन है। एक व्यक्ति के नाम पर तय सीमा से ज्यादा SIM कार्ड जारी नहीं किए जाएंगे। अगर आपके नाम पर पहले से जरूरत से अधिक मोबाइल कनेक्शन हैं, तो उन्हें चेक करके अनावश्यक या इस्तेमाल में न आने वाले SIM को बंद करा देना बेहतर रहेगा। इससे आगे नया SIM लेते समय होने वाली परेशानी से भी बचा जा सकता है।

 

नया SIM लेने के लिए बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन जरूरी

 

अब नया SIM कार्ड लेना पहले की तुलना में ज्यादा सख्त और सुरक्षित प्रक्रिया होगी। SIM जारी करने से पहले ग्राहक की बायोमेट्रिक पहचान का वेरिफिकेशन किया जाएगा। आधार से जुड़े ग्राहकों के लिए e-KYC की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जबकि कुछ मामलों में D-KYC प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है। SIM लेते समय ग्राहक की लाइव फोटो भी ली जाएगी और दिए गए दस्तावेजों की इलेक्ट्रॉनिक तरीके से जांच होगी। इससे किसी दूसरे की पहचान या दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल करके SIM लेने की घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

 

SIM लेने के लिए फर्जी दस्तावेज दिए तो हो सकती FIR

 

SIM कार्ड लेने के दौरान अगर किसी ग्राहक के दस्तावेज फर्जी पाए जाते हैं या वह किसी दूसरे व्यक्ति की पहचान का इस्तेमाल करता है, तो मामला गंभीर हो सकता है। ऐसी स्थिति में टेलीकॉम कंपनी संबंधित जानकारी पुलिस या कानून लागू करने वाली एजेंसी के साथ साझा कर सकती है। इसके बाद मामले में FIR दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू हो सकती है। इसलिए नया SIM लेते समय किसी और के दस्तावेज या गलत जानकारी देने से बचें। हमेशा अपने सही और वैध दस्तावेज ही इस्तेमाल करें।

 

SIM बंद कराने के लिए भी पहचान जरूरी

 

अब SIM कार्ड बंद कराने की प्रक्रिया में भी पहचान की जांच की जाएगी। जब कोई ग्राहक अपना मोबाइल नंबर बंद कराने का अनुरोध करेगा, तो उसकी पहचान का बायोमेट्रिक रिकॉर्ड से मिलान किया जा सकता है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि नंबर बंद कराने का अनुरोध सही व्यक्ति की ओर से ही किया गया है।

 

आपके नाम पर कितने SIM हैं ऐसे करें चेक

 

इसके लिए Sanchar Saathi पोर्टल की मदद ले सकते हैं। सबसे पहले Sanchar Saathi की वेबसाइट पर जाएं और Know Mobile Connections in Your Name वाले विकल्प पर क्लिक करें। अबअपना मोबाइल नंबर डालकर OTP से वेरिफिकेशन करें। लॉगिन होने के बाद स्क्रीन पर आपके नाम से जारी सभी मोबाइल कनेक्शन की लिस्ट दिखाई देगी। इससे आप आसानी से पता लगा सकते हैं कि आपके नाम पर कितने SIM चल रहे हैं।

 

आपके नाम पर फर्जी SIM तो नहीं तुरंत करें चेक

 

इस नियम की वजह से एक और जरूरी बात सामने आती है। अगर आपके नाम पर ऐसा मोबाइल नंबर चल रहा है जिसे आपने कभी लिया ही नहीं, तो उसे नजरअंदाज न करें। फर्जी दस्तावेजों या गलत तरीके से जारी किए गए मोबाइल कनेक्शन का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड समेत दूसरे गैरकानूनी कामों में किया जा सकता है। साथ ही SIM बंद कराने के लिए अपनी सही पहचान और वैध दस्तावेजों का ही इस्तेमाल करना जरूरी होगा।

Share This Article