राजनीतिरायपुर

Audio Viral Case : BJP विधायक रेणुका सिंह का कथित ऑडियो वायरल…! अपनी ही सरकार पर उठाए सवाल…बोलीं- AI से किया गया फर्जी खेल

5 करोड़ खर्च करने वाली बात पर बवाल

रायपुर, 25 मई। Audio Viral Case : छत्तीसगढ़ भाजपा की राजनीति में एक नया विवाद सामने आया है। भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह के दो कथित ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर विधायक अपनी ही सरकार और संगठन की कार्यशैली पर सवाल उठाती सुनाई दे रही हैं।

एक ऑडियो क्लिप में कथित रूप से कहा गया है कि ‘सरकार ऊपर से चल रही है’ और ‘भूपेश बघेल फिर से वापसी करेंगे।’ वहीं दूसरे वायरल ऑडियो में 5 करोड़ रुपये खर्च कर राजनीतिक लड़ाई लड़ने की बात भी सामने आई है। साथ ही भाजयुमो नेता मनोज साहू को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्हें ‘बेशर्म’ कहे जाने की चर्चा भी तेज हो गई है।

क्या है पूरा मामला?

शनिवार को 35 सेकंड का पहला ऑडियो वायरल हुआ था। इसके अगले दिन रविवार को 14 सेकंड का दूसरा ऑडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आ गया। दोनों ऑडियो भाजयुमो जिला महामंत्री मनोज साहू द्वारा शेयर किए गए बताए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि मनोज साहू पहले रेणुका सिंह के विधायक प्रतिनिधि भी रह चुके हैं। हाल ही में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम में मनोज साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में ही रेणुका सिंह की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने मनोज साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।

रेणुका सिंह ने बताया फर्जी

विधायक रेणुका सिंह ने वायरल ऑडियो को पूरी तरह फर्जी और AI जनरेटेड बताया है। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीतिक छवि खराब करने के लिए साजिश रची जा रही है। रेणुका सिंह ने सोनहत थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए वायरल ऑडियो की फोरेंसिक जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब यह मामला छत्तीसगढ़ भाजपा के अंदरूनी सियासी विवाद को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे रहा है।

Related Articles

Back to top button