कोरबा

Collector : कोरबा को मिला 19वां कलेक्टर…! कुणाल दुदावत ने संभाला पदभार…यहां देखें Video

डीएफओ, अपर कलेक्टर सहित अधिकारियों ने किया स्वागत

कोरबा, 19 दिसम्बर। Collector : कोरबा जिले के 19वें कलेक्टर के रूप में 2017 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी कुणाल दुदावत ने आज औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण अवसर पर डीएफओ कटघोरा कुमार निशांत, डीएफओ कोरबा प्रेमलता यादव, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, एसडीएम सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

नवपदस्थ कलेक्टर कुणाल दुदावत इससे पूर्व छत्तीसगढ़ राज्य के कोंडागांव एवं दंतेवाड़ा जिलों में कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनका प्रशासनिक अनुभव विविध और व्यापक रहा है। वर्ष 2015 में उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के लिए हुआ था, साथ ही भारतीय वन सेवा (आईएफएस) में भी उनका चयन हुआ। आईपीएस प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने यूपीएससी का तीसरा प्रयास दिया और 669वीं रैंक के साथ भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए।

श्री दुदावत ने 11 दिसंबर 2017 को आईएएस सेवा जॉइन की। उनकी फील्ड ट्रेनिंग बिलासपुर जिले में सहायक कलेक्टर के रूप में हुई। इसके बाद वे बिलासपुर जिले के कोटा तथा महासमुंद जिले के सरायपाली अनुविभाग में एसडीएम के रूप में पदस्थ रहे। आगे चलकर वे कोरिया जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रहे।

इसके पश्चात दुदावत ने बिलासपुर नगर निगम आयुक्त एवं बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध संचालक के रूप में भी सेवाएं दीं। बिलासपुर के बाद उनकी पहली कलेक्टर पदस्थापना कोंडागांव जिले में हुई, तत्पश्चात वे दंतेवाड़ा जिले के कलेक्टर रहे। अब स्थानांतरण के पश्चात उन्होंने कोरबा जिले के कलेक्टर के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनके नेतृत्व में जिले के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button