
कोरबा। Korba Cultural Event पूज्य सिंधी पंचायत कोरबा द्वारा भगवान झूलेलाल जी की 1076वीं जयंती के अवसर पर चेट्रीचंड महोत्सव 2026 को लेकर भव्य कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। 14 मार्च से 25 मार्च तक चलने वाले इस महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिता, शोभायात्रा और रक्तदान शिविर जैसे कई आयोजन होंगे। समाज के लोगों में इस पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
Korba Cultural Event 14 मार्च को हो साईं झूलेलाल की स्तुति एवं बच्चों का कार्यक्रम होगा। महोत्सव की शुरुआत 14 मार्च, शनिवार को शाम 6 बजे सिंधु भवन कोरबा में संत साईं झूलेलाल जी की स्मृति में धूनी एवं बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम से होगी। कार्यक्रम के बाद भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।
15 से 17 मार्च तक सिंधी प्रीमियर लीग क्रिकेट
युवा वर्ग को जोड़ने के उद्देश्य से 15, 16 और 17 मार्च को सीएसईबी ग्राउंड कोरबा में शाम 4 बजे से एसपीएल-2 सिंधी प्रीमियर लीग क्रिकेट मैच आयोजित किया जाएगा, जिसमें समाज के युवा खिलाड़ी भाग लेंगे।
19 मार्च को मोटर साइकिल और स्कूटी रैली
19 मार्च, गुरुवार को सुबह 8 बजे श्री झूलेलाल मंदिर से मोटर साइकिल एवं स्कूटी रैली निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए संत कंवरराम उद्यान, मेन रोड कोरबा में समाप्त होगी।
20 मार्च को पूजा, भंडारा और शोभायात्रा
20 मार्च, शुक्रवार को सुबह 10 बजे श्री झूलेलाल मंदिर में पूज्य बहराणा साहब की पूजा एवं ध्वजा वंदन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक सिंधु भवन कोरबा में आम भंडारे का आयोजन रहेगा।
उसी दिन शाम 6 बजे श्री झूलेलाल मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकलेगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गोदडी धाम, डीडीएम रोड पर समाप्त होगी। रात 10 बजे ज्योत का विसर्जन जोड़ा पुल तुलसी नगर में किया जाएगा।
रक्तदान शिविर भी होगा आयोजित
20 मार्च को ही सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सिंधु भवन के पास रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।
25 मार्च को मनाया जाएगा छठी पर्व
भगवान साईं झूलेलाल जी का छठी पर्व 25 मार्च, बुधवार को शाम 6 बजे सिंधु भवन कोरबा में मनाया जाएगा। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। सिंधी पंचायत कोरबा ने समाज के सभी लोगों से अपील की है कि चेट्रीचंड महोत्सव के सभी कार्यक्रमों में परिवार सहित शामिल होकर भगवान झूलेलाल का आशीर्वाद प्राप्त करें। साथ ही 20 मार्च को सामाजिक एकता के प्रतीक के रूप में अपने प्रतिष्ठान और दुकानें बंद रखने का भी अनुरोध किया गया है।
कार्यक्रम के आयोजन में सिंधी पंचायत कोरबा के अध्यक्ष अशोक चावलानी ,कोषाध्यक्ष मनोज जेठानी और सचिव नरेश जगवानी सहित समाज के सदस्य महोत्सव को उत्सव बनाने की तैयारी में जुटे है।



