रायपुर

CG News : सुशासन तिहार में बवाल… जनपद CEO पर बीजेपी कार्यकर्ता को धमकाने का आरोप… विधायक की मौजूदगी में हुआ विवाद, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

रायपुर/दुर्ग, 29 मई।CG News : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में आयोजित “सुशासन तिहार” कार्यक्रम के दौरान उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब जनपद पंचायत CEO रूपेश पांडेय पर एक बीजेपी कार्यकर्ता को खुले मंच से धमकाने का आरोप लगा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मामला दुर्ग जिले के थनौद गांव का बताया जा रहा है, जहां सुशासन तिहार कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक ललित चंद्राकर लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान भाजपा मंडल महामंत्री पुराण साहू गांव के सरकारी स्कूल की जमीन पर बन रहे सामुदायिक भवन के विरोध में आवेदन लेकर पहुंचे थे।

आरोप है कि जनपद CEO रूपेश पांडेय ने आवेदन लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। वायरल वीडियो में CEO को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा रहा है—“तेरे को जो करना है कर ले, मेरा क्या कर लोगे…” घटना के दौरान विधायक ललित चंद्राकर भी मंच पर मौजूद थे।

सामुदायिक भवन निर्माण को लेकर विवाद

जानकारी के अनुसार विवाद सरकारी स्कूल की जमीन पर बनाए जा रहे सामुदायिक भवन को लेकर है। भाजपा नेता पुराण साहू पहले भी इस निर्माण का विरोध कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि विरोध के बाद निर्माण कार्य पर रोक लगाई गई थी, लेकिन बाद में भवन का कार्य पूरा कर लिया गया। पुराण साहू का आरोप है कि जब वे शिकायत करने पहुंचे तो उन्हें डराने और शिकायत नहीं करने के लिए दबाव बनाया गया।

पहले भी विवादों में रहे हैं CEO

रिपोर्ट्स के अनुसार जनपद CEO रूपेश पांडेय पहले भी विवादों में रह चुके हैं। पूर्व में उनके खिलाफ व्यवहार और प्रताड़ना से जुड़ी शिकायतें सामने आ चुकी हैं। हाल ही में एक महिला सचिव ने भी उनके खिलाफ प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से शिकायत की थी। फिलहाल इस मामले को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button