कोरबा

Ex Home Minister : धरने पर बैठने रायपुर रवाना हुए ननकीराम कंवर…! सैकड़ों समर्थकों ने किया कूच

कोरबा कलेक्टर को हटाने की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने निकले पूर्व गृहमंत्री

कोरबा, 03 अक्टूबर। Ex Home Minister : छत्तीसगढ़ की राजनीति में बड़ा मोड़ सामने आया है। पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर शुक्रवार को धरने पर बैठने के लिए रायपुर रवाना हो गए। उन्होंने कोरबा कलेक्टर अजीत बसंत को हटाने की मांग को लेकर अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

ननकीराम कंवर ट्रेन से रायपुर रवाना हुए, जबकि उनके सैकड़ों समर्थक दर्जनों चारपहिया वाहनों में राजधानी के लिए रवाना हुए। बताया जा रहा है कि 4 अक्टूबर से रायपुर में धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

कलेक्टर के खिलाफ 14 बिंदुओं में लगाए आरोप

कंवर ने कोरबा कलेक्टर पर 14 बिंदुओं में गंभीर प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि कलेक्टर की कार्यशैली से क्षेत्र में भ्रष्टाचार और जनहित की उपेक्षा हो रही है।

सरकार से नहीं मिले समर्थन के संकेत

उन्होंने मीडिया से कहा कि वे पहले भी शिकायतें कर चुके हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि उनके पत्र के बाद पार्टी और सरकार के किसी भी प्रतिनिधि ने उनसे संपर्क नहीं किया।

हजारों समर्थकों के जुटने का दावा

पूर्व मंत्री ने कहा है कि रायपुर में धरने के दौरान हजारों की संख्या में लोग जुट सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह आंदोलन किसी पद या स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि जनहित और प्रशासनिक जवाबदेही के लिए है।

कंवर बोले, सरकार ने जांच का आदेश तो दिया है, लेकिन हमें उस पर भरोसा नहीं। पहले भी कई बार लिख चुका हूं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब चुप नहीं बैठूंगा।

राजनीतिक हलकों में हलचल

पूर्व गृहमंत्री के इस कदम से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। एक ओर जहां भाजपा के अंदर इस असंतोष को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, वहीं प्रशासन भी इस घटनाक्रम को लेकर अलर्ट मोड में आ गया है।

 

Related Articles

Back to top button