छत्तीसगढ़

Villagers Protest : कोकोड़ी गांव में मक्का प्लांट विवाद उग्र…पुलिस के सामने फिर तोड़फोड़…मौके पर कलेक्टर-SDM-ASP यहां देखें Video

तोड़फोड़ से हालात बेकाबू, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

कोण्डागांव, 13 फरवरी। Villagers Protest : कोंडागांव जिले के कोकोड़ी गांव में मक्का प्रोसेसिंग प्लांट को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर उग्र हो गया है। पहले हुई तोड़फोड़ के बाद शुक्रवार को ग्रामीणों ने फिर से प्लांट में घुसकर संपत्ति और मशीनरी को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान पुलिस की मौजूदगी में ही आक्रोशित ग्रामीणों ने तोड़फोड़ की और स्थिति इतनी बेकाबू हो गई कि पुलिस को अपनी सुरक्षा के लिए पीछे हटना पड़ा।
प्लांट में तोड़फोड़ के बाद पुलिस और प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया। पुलिस और प्रशासन का अमला मौके पर पहुंच चुका है, और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस वाहनों पर भी हमला किया गया, जिससे स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई।

विरोध का कारण

ग्रामीणों का आरोप है कि मक्का प्लांट से निकलने वाली बदबू, गंदगी और फसलों को नुकसान हो रहा है। वे लंबे समय से इस मुद्दे को लेकर शिकायत कर रहे थे, लेकिन कोई समाधान नहीं मिला। अब ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे प्लांट बंद कराने तक की बात कर रहे हैं।

प्रशासन की कार्रवाई

घटना के बाद कोण्डागांव अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम अजय उरांव और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा समेत पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा है। प्रशासन और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं और शांति बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन और सुरक्षा बलों की तरफ से अतिरिक्त कदम उठाए जा रहे हैं ताकि कोई और अप्रिय घटना न हो। फिलहाल, पूरे इलाके में तनाव बरकरार है और प्रशासन हालात को नियंत्रण में लाने के लिए लगातार कोशिशें कर रहा है।

Related Articles

Back to top button