Action : सरगुजा विवाद में बड़ा प्रशासनिक एक्शन…! नायब तहसीलदार हटे….500 राजस्व अधिकारियों की हड़ताल के बाद बड़ा फैसला…अब SDM की बारी…?

News Power Zone
2 Min Read
Action

सरगुजा, 06 जून। Action : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में विधायक और नायब तहसीलदार के बीच हुए विवाद के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। नायब तहसीलदार तुषार मानिक को उनके वर्तमान पद से हटाकर अंबिकापुर कलेक्टर कार्यालय से अटैच कर दिया गया है। वहीं अब SDM फागेश सिन्हा के खिलाफ भी कार्रवाई की चर्चाएं तेज हैं और जल्द तबादला आदेश जारी होने की संभावना जताई जा रही है।

मामले में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए नायब तहसीलदार तुषार मानिक को उनके मौजूदा पद से हटा दिया है। उन्हें अब अंबिकापुर कलेक्टर कार्यालय से अटैच किया गया है। साथ ही राजापुर उप तहसील का अतिरिक्त प्रभार दूसरे अधिकारी को सौंप दिया गया है।

क्या है पूरा विवाद?

दरअसल, नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर विधायक के खिलाफ FIR भी दर्ज की गई थी। वहीं विधायक पक्ष का आरोप था कि नायब तहसीलदार ने उनकी चचेरी बहन के साथ अभद्र व्यवहार किया था। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से काउंटर FIR दर्ज की गई।

500 राजस्व अधिकारी हड़ताल पर गए थे

घटना के बाद प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदारों में नाराजगी फैल गई थी। विरोध स्वरूप करीब 500 राजस्व अधिकारी हड़ताल पर चले गए थे। बाद में राजस्व मंत्री के आश्वासन के बाद हड़ताल समाप्त हुई और अधिकारी काम पर लौटे।

अब SDM फागेश सिन्हा पर नजर

तुषार मानिक को हटाए जाने के बाद अब सभी की नजर SDM फगेश सिन्हा पर टिक गई है। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक उनके तबादले को लेकर भी मंथन जारी है और जल्द आदेश जारी हो सकता है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सरगुजा प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं।

TAGGED:
Share This Article