Sushasan Tihar : सुशासन तिहार में गरमाया मंच…! BJP नेता ने कलेक्टर के सामने खोली सिस्टम की पोल…बोले- कलेक्टर साहब फोन तो उठा लिया करें
खाली कुर्सियां देख भड़के गोवर्धन मांझी
गरियाबंद, 07 मई। Sushasan Tihar : गरियाबंद के अमलीपदर में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान पूर्व भाजपा संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी प्रशासन पर भड़क उठे। उन्होंने कलेक्टर के सामने अधिकारियों द्वारा फोन नहीं उठाने और समस्याओं के समाधान नहीं होने पर सवाल उठाए।
तहसील मुख्यालय में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब पूर्व भाजपा संसदीय सचिव और क्षेत्र के वरिष्ठ नेता गोवर्धन मांझी मंच से ही प्रशासनिक व्यवस्था पर भड़क उठे। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर भगवान सिंह उइके की मौजूदगी में मांझी ने अधिकारियों की कार्यशैली पर खुलेआम सवाल खड़े कर दिए।
खाली कुर्सियां देख भड़के गोवर्धन मांझी
गोवर्धन मांझी ने मंच से कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों के फोन तक नहीं उठाते, जिसके कारण छोटी-छोटी समस्याएं भी लंबे समय तक बनी रहती हैं। उन्होंने कहा कि पानी और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर जनता लगातार जनप्रतिनिधियों के पास पहुंचती है, लेकिन प्रशासन तक बात पहुंचाने के बावजूद समाधान नहीं हो पाता।
मंच से बोलते हुए मांझी ने कहा, ‘कलेक्टर साहब, आप फोन तो उठा लिया करें। छोटी-मोटी समस्याओं का समाधान ऐसे ही हो जाता है। लोग आवेदन देकर थक चुके हैं, लेकिन अधिकारियों तक सुनवाई नहीं होती।’ उन्होंने सिर्फ शिविर लगाने की औपचारिकता पर भी सवाल उठाए। मांझी ने कहा कि ‘शिविर कोई जादू की छड़ी नहीं है कि एकाएक सारी समस्याएं खत्म हो जाएंगी। सरकार की मंशा अच्छी है, लेकिन सिस्टम में सुधार जरूरी है।’
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खाली कुर्सियां देख उन्होंने प्रशासन की तैयारी और प्रचार-प्रसार पर भी निशाना साधा। उनका कहना था कि खाली पंडाल इस बात का संकेत है कि प्रशासन सरकार की योजनाओं को लेकर गंभीरता से काम नहीं कर रहा।
गोवर्धन मांझी के इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का माहौल बन गया। वहीं प्रशासनिक अमले में भी हलचल तेज हो गई। सुशासन तिहार जैसे सरकारी कार्यक्रम में मंच से प्रशासन पर इस तरह की नाराजगी सामने आने के बाद अब यह मामला राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।



