Girls Hostel में घुसे 3 जंगली हाथी…! रात में मचा हड़कंप; 58 छात्राओं का रेस्क्यू…5 जगह टूटी बाउंड्रीवाल
पांच जगह से तोड़ी बाउंड्रीवाल
मरवाही, 09 अगस्त। Girls Hostel : छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के मरवाही में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तीन जंगली हाथी कन्या छात्रावास परिसर में घुस आए। हाथियों ने हॉस्टल की बाउंड्रीवाल को करीब पांच जगह से क्षतिग्रस्त कर दिया। गार्ड रूम के दरवाजे और खिड़कियों को भी नुकसान पहुंचा।
हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। छात्रावास में रह रहीं 58 छात्राओं को रात करीब 12 बजे एहतियातन दूसरे सुरक्षित छात्रावास में शिफ्ट किया गया। राहत की बात रही कि घटना में किसी छात्रा या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।
रात में हॉस्टल खाली कराया गया
तीन हाथियों के छात्रावास परिसर में पहुंचने के बाद वन विभाग की टीम ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल छात्रावास खाली कराया। सभी 58 छात्राओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
वन विभाग की टीम ने रातभर इलाके में निगरानी बनाए रखी। छात्रावास की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि दोबारा हाथियों के परिसर में प्रवेश की स्थिति न बने।
पांच जगह से तोड़ी बाउंड्रीवाल
हाथियों ने छात्रावास की बाउंड्रीवाल को करीब पांच स्थानों पर तोड़ दिया। गार्ड रूम के दरवाजे और खिड़कियां भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी हाथी इस परिसर की दीवार को नुकसान पहुंचा चुके हैं। बार-बार हाथियों के छात्रावास तक पहुंचने से छात्राओं और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
कटहल की खुशबू खींच लाई हाथियों को
वन विभाग के मुताबिक छात्रावास परिसर में लगे कटहल के पेड़ों पर पके हुए फल मौजूद थे। पके कटहल की तेज खुशबू के कारण हाथी परिसर की ओर आकर्षित हुए।
दिन निकलने के बाद वन विभाग की टीम ने पेड़ों से पके हुए कटहल तोड़कर अलग कर दिए। विभाग का प्रयास है कि हाथियों को आकर्षित करने वाले कारणों को हटाकर उन्हें छात्रावास परिसर से दूर रखा जा सके।
बाल-बाल बचीं 58 छात्राएं
समय रहते छात्रावास खाली कराए जाने से बड़ी घटना टल गई। 58 छात्राओं को सुरक्षित दूसरे हॉस्टल में शिफ्ट किया गया। वन विभाग की टीम पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और हाथियों की गतिविधियों की निगरानी कर रही है।





