Traffic Police : चालान के बदले 200 रुपए लेते कैमरे में कैद SI…! दुर्ग पुलिस की बड़ी किरकिरी…लाइन अटैच
हत्या के प्रयास के आरोपी से गले मिलता दिखा पुलिसकर्मी
दुर्ग, 07 मई। Traffic Police : दुर्ग जिले से दो वीडियो वायरल हुए हैं। एक वीडियो में ट्रैफिक SI चालान के बदले 200 रुपए लेते दिख रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में एक कॉन्स्टेबल हत्या के प्रयास के आरोपी से गले मिलता नजर आ रहा है। मामले में जांच शुरू हो गई है।
दुर्ग जिले से पुलिस विभाग को लेकर दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर चालान के बदले युवक से 200 रुपए लेते नजर आ रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में एक कॉन्स्टेबल वर्दी में हत्या के प्रयास के आरोपी बताए जा रहे युवक से गले मिलता दिखाई दे रहा है। दोनों वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
रिश्वत और आरोपी कनेक्शन की जांच शुरू
पहला वीडियो दुर्ग ट्रैफिक विभाग से जुड़ा बताया जा रहा है। वायरल क्लिप में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर महेश्वर देवांगन एक युवक से चालान के एवज में पैसे लेते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में यह भी सुनाई देता है कि SI युवक को पैसे गिनने के लिए कह रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर महेश्वर देवांगन को लाइन अटैच कर दिया है। इस कार्रवाई की पुष्टि ट्रैफिक टीआई टीडी चंद्रा ने की है। उन्होंने कहा कि वीडियो सामने आने के बाद विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वहीं दूसरा वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इसमें एक कॉन्स्टेबल वर्दी में एक युवक से हाथ मिलाते और गले मिलते दिखाई दे रहा है। दावा किया जा रहा है कि युवक हत्या के प्रयास के मामले का आरोपी है। हालांकि पुलिस ने अभी तक युवक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दूसरे वीडियो (Traffic Police) की जांच की जा रही है और युवक की पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और विभागीय स्तर पर दोनों मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है।



