Student Dispute : स्कूल छुट्टी के बाद सड़क पर छात्रों के दो गुट भिड़े, जमकर मारपीट
दोनों पक्षों ने थाने में दी शिकायत, पुलिस जांच में जुटी
कोरबा, 14 अगस्त। Student Dispute : बांकिमोंगरा स्थित सनशाइन स्कूल के बाहर गुरुवार शाम छुट्टी के बाद छात्रों के दो गुटों के बीच मामूली बात को लेकर जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई और छात्र मुख्य मार्ग पर ही एक-दूसरे से भिड़ गए। इस दौरान हाथ-मुक्कों से हुई मारपीट में एक छात्र की शर्ट तक फट गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामूली विवाद ने लिया मारपीट का रूप
जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के दौरान छात्रों के दो गुटों के बीच किसी मामूली बात को लेकर बहस शुरू हुई थी। स्कूल के बाहर पहुंचते-पहुंचते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के छात्र सड़क पर ही एक-दूसरे पर टूट पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
बाइक से पहुंचे कुछ छात्र, बाहरी युवकों की भी आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मारपीट में शामिल कुछ छात्र स्कूल ड्रेस में नहीं थे और बाइक से मौके पर पहुंचे थे। ऐसे में विवाद में स्कूल के बाहर के कुछ नाबालिगों के शामिल होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
दोनों पक्ष थाने पहुंचे, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद मारपीट में शामिल दोनों पक्ष बांकिमोंगरा थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, घायलों का चिकित्सकीय मुलाहिजा भी कराया गया है।
पुलिस अब वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
स्कूल प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि छुट्टी के समय स्कूल के बाहर छात्रों की भीड़ रहती है और पूर्व में भी विवाद की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में स्कूल की छुट्टी के दौरान छात्रों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर अतिरिक्त व्यवस्था किए जाने की जरूरत है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है और जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह तथा मारपीट में शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।







