
कोरबा, 14 अगस्त 2026। Korba Teacher Suspended शराब के नशे में गांव में घूमने और स्कूल से लगातार अनुपस्थित रहने के आरोपों ने शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा दिया। मामला पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला आश्रम सरसोंका का है, जहां सहायक शिक्षक राजेश कुमार बंजारे को जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
बताया गया कि 5 अगस्त 2026 को शिक्षक के शराब के नशे में गांव में घूमने और शराब का सेवन करने का वीडियो वायरल हुआ था। इसके साथ ही उनके विद्यालय से अनुपस्थित रहने की शिकायत भी सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी पोड़ी उपरोड़ा के प्रतिवेदन पर जिला शिक्षा अधिकारी ने कार्रवाई शुरू की।
शिक्षक को इस मामले में कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था, लेकिन निर्धारित समयावधि में जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि शिक्षक के विद्यालय से अधिकतम समय अनुपस्थित रहने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी।
शिक्षा विभाग ने शिक्षक के आचरण को घोर लापरवाही, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता और अनुशासनहीनता मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के विपरीत माना है।
इसी आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 एवं 10 के तहत राजेश कुमार बंजारे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पोड़ी उपरोड़ा निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने पर विभाग सख्त
इस कार्रवाई से साफ है कि विद्यालय में शिक्षक की अनुपस्थिति और उनके कथित अनुशासनहीन आचरण को विभाग ने गंभीरता से लिया है। अब सवाल यह है कि वायरल वीडियो के बाद सामने आए मामले में आगे विभागीय जांच में और क्या तथ्य सामने आते हैं।







