School Bus Accident : तेज रफ्तार बस ने स्कूल वैन को मारी टक्कर, 7 बच्चे घायल; ओवरटेक के दौरान पलटी वैन… देखे वीडियो
School Bus Accident : जौनपुर में बड़ा हादसा, तेज रफ्तार बस ने स्कूल वैन को मारी टक्कर, 7 बच्चे घायल
जौनपुर, 20 अगस्त। School Bus Accident : उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में गुरुवार सुबह बच्चों से भरी स्कूल वैन हादसे का शिकार हो गई। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सुजानगंज मार्ग पर उकनी गांव के पास तेज रफ्तार निजी बस ने स्कूल वैन को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि डीआरएम पब्लिक स्कूल मधुपुर की वैन सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय वैन में करीब नौ बच्चे सवार बताए गए। वैन पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।हादसे में सात बच्चे घायल हुए हैं। इनमें तीन बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
ओवरटेक करने के दौरान बस ने मारी टक्कर
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक स्कूल वैन मुंगराबादशाहपुर की ओर से सुजानगंज जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार निजी बस के चालक ने वैन को ओवरटेक करने का प्रयास किया।इसी दौरान बस ने स्कूल वैन को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर मुंगराबादशाहपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।
इन बच्चों को आई चोट
हादसे में घायल बच्चों की पहचान आदित्य यादव (11), सिद्धार्थ यादव (10), प्रभाष यादव (12), अनिरुद्ध यादव (10), आर्यन यादव (10), आकाश तिवारी (10) और शिवम तिवारी (8) के रूप में हुई है। सभी घायलों को तत्काल सीएचसी सुजानगंज ले जाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
तीन बच्चों को जिला अस्पताल किया गया रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सिद्धार्थ यादव, प्रभाष यादव और आदित्य यादव को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायल बच्चों का इलाज सीएचसी सुजानगंज में किया गया।
पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, बस हिरासत में
हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष निरीक्षक गजानन चौबे, चौकी प्रभारी धनंजय राय और क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा मौके पर पहुंचीं।पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने हादसे में शामिल बस को हिरासत में ले लिया है। थानाध्यक्ष गजानन चौबे के मुताबिक सभी घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बच्चों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे DM
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चों के अभिभावक भी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं डीएम सैमुअल पॉल एन दोपहर में जिला अस्पताल पहुंचे और घायल बच्चों का हाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से बच्चों के इलाज की जानकारी ली और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने मामले की जांच के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
हादसे के बाद स्कूल वैन की सुरक्षा पर सवाल
बच्चों से भरी स्कूल वैन के हादसे का शिकार होने के बाद स्कूल वाहनों की सुरक्षा और सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही दुर्घटना के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों और चालक की भूमिका को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।















