Sakti Murder Case : सक्ती में दिनदहाड़े खूनी खेल…! घर में घुसकर पूछा नाम…युवती को मारीं 3 गोलियां…CCTV खंगाल रही पुलिस
CCTV खंगाल रही पुलिस
सक्ती, 26 जून। Sakti Murder Case : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। सक्ती थाना क्षेत्र के एक गांव में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने घर के भीतर घुसकर 25 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने युवती पर बेहद नजदीक से तीन राउंड फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
घर में घुसकर पूछा नाम, बाहर आते ही बरसाईं गोलियां
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान पूर्णिमा चौहान (25) के रूप में हुई है। वह पिछले चार वर्षों से पंजाब की एक निजी कंपनी में कार्यरत थी और कुछ समय के लिए अपने गांव आई हुई थी।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दो युवक मोटरसाइकिल से पूर्णिमा के घर पहुंचे। इनमें से एक युवक हथियार लेकर सीधे घर के अंदर घुस गया, जबकि उसका साथी बाइक स्टार्ट कर बाहर ही खड़ा रहा। अंदर पहुंचे आरोपी ने परिजनों से पूर्णिमा के बारे में पूछा। जैसे ही पूर्णिमा अपने कमरे से बाहर आई, आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी।
अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें
गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य बाहर पहुंचे तो पूर्णिमा खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई थी। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
हत्या की वजह अब तक रहस्य
दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद, निजी संबंधों सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है तथा आसपास के मार्गों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





