कोरबा

Murder Case : कोरबा में महिला की अधजली लाश का खुलासा…! संबंध बनाने के प्रयास पर विवाद…फिर हत्या कर चेहरा जलाकर मिटाए सबूत…1 गिरफ्तार

चेहरा पूरी तरह जलने से पहचान बनी चुनौती

कोरबा, 10 अगस्त। Murder Case : जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के वन्य ग्राम डूमरमुड़ा के सागौन बाड़ी में मिली अर्धनग्न और अधजली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मृतका की पहचान करीब 45 वर्षीय …… कोरवा, निवासी अमलडीहा के रूप में की है। मामले में एक आरोपी किरण कुमार पटेल को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी अजय कुमार धनवार फरार है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने महिला को जंगल की ओर ले जाकर शराब पिलाई। इसके बाद जबरन शारीरिक संबंध बनाने को लेकर विवाद हुआ और दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पहचान और सबूत मिटाने के लिए महिला के चेहरे पर कपड़ा रखकर पेट्रोल डाला और आग लगा दी।

जंगल में मिली थी अधजली लाश

शनिवार को डूमरमुड़ा के सागौन बाड़ी में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे कटघोरा CHC में सुरक्षित रखवाया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए रविवार को एसपी सिद्धार्थ तिवारी, एएसपी नितीश ठाकुर, एसडीओपी विजय राजपूत, फोरेंसिक टीम के डॉ. सत्यजीत कोसरिया और थाना प्रभारी एमबी पटेल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई। पुलिस को मौके से टूटी हुई चूड़ियां और कुछ रुपये भी मिले।

चेहरा पूरी तरह जलने से पहचान बनी चुनौती

महिला का शव अर्धनग्न हालत में था और चेहरे पर कपड़ा रखकर आग लगाए जाने के कारण चेहरा बुरी तरह जल चुका था। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान करना थी।

पुलिस ने आसपास के इलाकों में गुमशुदा महिलाओं की जानकारी जुटाई और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को खंगाला। जांच के दौरान पता चला कि अमलडीहा की एक महिला शुक्रवार रात से लापता थी। इसके बाद उसकी पहचान मृतका के रूप में हुई।

आखिरी बार दो युवकों के साथ देखी गई थी महिला

पहचान होने के बाद पुलिस ने मृतका के संपर्क में रहने वाले लोगों और संभावित संदिग्धों की जानकारी जुटाई। पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले शाम को अमलडिहा निवासी किरण कुमार पटेल और अजय कुमार धनवार को महिला के साथ आखिरी बार देखा गया था। घटना के बाद दोनों संदिग्ध फरार हो गए। पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर उनकी तलाश शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों के आगे टूट गया आरोपी

पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए किरण कुमार पटेल को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने शुरुआत में घटना में शामिल होने से इनकार किया।

हालांकि, पुलिस के अनुसार उपलब्ध तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के संबंध में गहन पूछताछ के बाद किरण ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

संबंध बनाने के प्रयास पर विवाद, फिर हत्या का आरोप

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन दोनों आरोपी महिला को घटनास्थल की ओर ले गए थे। वहां तीनों ने शराब का सेवन किया।

पुलिस का दावा है कि इसके बाद महिला और अजय कुमार धनवार के बीच पूर्व से संबंध होने के कारण शारीरिक संबंध बने। बाद में किरण कुमार पटेल ने भी महिला की इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने मिलकर महिला की हत्या कर दी।

संघर्ष के दौरान टूट गई थीं चूड़ियां

पुलिस का कहना है कि आरोपियों के चंगुल से बचने और अपनी जान बचाने के लिए महिला ने काफी संघर्ष किया। इसी दौरान उसकी चूड़ियां टूट गईं। घटनास्थल से टूटी चूड़ियों का मिलना जांच में अहम सुराग माना जा रहा है।

हत्या के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर साक्ष्य छिपाने के लिए महिला के चेहरे पर कपड़ा रखा, पेट्रोल डाला और आग लगा दी। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।

एक गिरफ्तार, दूसरा फरार

मामले में कटघोरा थाने में अपराध क्रमांक 296/2026, BNS की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने किरण कुमार पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अजय कुमार धनवार की तलाश जारी है। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस मामले में तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के साथ आगे की विवेचना कर रही है।

Related Articles

Back to top button