BreakingFeaturedकोरबाक्राइम

Korba Breaking: सीतामणी में चल रहा नकली यूरिया बनाने का कारोबार..अनूप अग्रवाल से जुड़े तार…

कोरबा। Fake Urea Business in Sitamani Korba कोरबा में नकली यूरिया के कथित कारोबार ने हड़कंप मचा दिया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के सीतामणी में आलमारी और कूलर बनाने की आड़ में नकली यूरिया तैयार किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस पूरे खेल के तार दीपका के श्रद्धा पेट्रोल पंप पर पकड़े गए नकली यूरिया के कंटेनर से जुड़ते नजर आ रहे हैं।

मामले में शिवा इंटरप्राइजेज के संचालक अनूप अग्रवाल का नाम सामने आया है। दीपका थाना प्रभारी प्रेम चंद साहू के मुताबिक आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

आलमारी-कूलर की आड़ में ‘यूरिया फैक्ट्री’?

सीतामणी में जिस जगह पर सामान्य तौर पर आलमारी और कूलर बनाने का काम बताया जा रहा था, वहीं कथित तौर पर नकली यूरिया तैयार करने का कारोबार चल रहा था। सवाल यह है कि आखिर लंबे समय से चल रहे इस कथित खेल की भनक जिम्मेदार विभागों को क्यों नहीं लगी?

दीपका में नकली यूरिया से भरे कंटेनर के पकड़े जाने के बाद जब जांच की कड़ियां आगे बढ़ीं तो मामला सीतामणी तक पहुंच गया। अब पुलिस जांच इस बात पर केंद्रित है कि नकली यूरिया कहां तैयार होता था, इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसे किन वाहनों व किन इलाकों में खपाया जा रहा था।

कमर्शियल वाहनों के इंजन का ‘टॉनिक’, नकली हुआ तो बड़ा खतरा

यूरिया आधारित DEF (Diesel Exhaust Fluid) आधुनिक डीजल कमर्शियल वाहनों के उत्सर्जन नियंत्रण सिस्टम में इस्तेमाल होता है। यह SCR सिस्टम के जरिए प्रदूषक गैसों को कम करने में मदद करता है। यही वजह है कि इसकी गुणवत्ता से खिलवाड़ केवल आर्थिक धोखाधड़ी का मामला नहीं, बल्कि वाहनों के महंगे सिस्टम पर भी असर डाल सकता है।

अब बड़ा सवाल यह है कि सीतामणी से कथित तौर पर तैयार हो रहा नकली यूरिया आखिर कहां-कहां पहुंचा? कितने कंटेनर तैयार हुए? कितने वाहनों में इस्तेमाल किया गया? और इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग हैं?

दीपका में हुई कार्रवाई के बाद सामने आई इन कड़ियों ने कोरबा में नकली यूरिया के कथित कारोबार की परतें खोलनी शुरू कर दी हैं। आरोपी की गिरफ्तारी और पुलिस जांच के बाद ही इस पूरे नेटवर्क की असली तस्वीर सामने आएगी।

Related Articles

Back to top button