रायपुर, 01 जुलाई। Raipur Cyber Fraud : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन मैरिज फ्रॉड का बड़ा मामला सामने आया है। 65 वर्षीय सेवानिवृत्त टेक्निशियन को शादी का झांसा देकर 9.50 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। मामले में रायपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ओडिशा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि खुद को रिटायर्ड रेलवे इंजीनियर बताने वाली महिला की तलाश जारी है।
मैरिज ब्यूरो से हुई पहचान, फिर शुरू हुआ ठगी का खेल
पुलिस के अनुसार, पीड़ित मनहरण टिकरिहा की पहचान दिल्ली के एक मैरिज ब्यूरो के माध्यम से रजनी शर्मा नाम की महिला से हुई थी। महिला ने खुद को कोरबा निवासी और रेलवे विभाग से सेवानिवृत्त इंजीनियर बताया। दोनों के बीच फोन पर लगातार बातचीत होने लगी, जिसके बाद महिला ने भरोसा जीतकर ठगी की साजिश रची।
इलाज, दुर्घटना और पारिवारिक कार्यक्रम के नाम पर मांगे पैसे
महिला ने कभी इलाज, कभी दुर्घटना तो कभी पारिवारिक कार्यक्रम का हवाला देकर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा कराए। 15 जून 2025 से 9 जनवरी 2026 के बीच पीड़ित ने कुल 9.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद महिला ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और संपर्क पूरी तरह खत्म हो गया।
तकनीकी जांच से ओडिशा तक पहुंची पुलिस
शिकायत मिलने पर आजाद चौक थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मामला दर्ज किया गया। डीसीपी (पश्चिम) संदीप पटेल और डीसीपी (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में पुलिस ने मोबाइल नंबरों और बैंक खातों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन ओडिशा के बलांगीर जिले में मिली।
3 आरोपी गिरफ्तार, महिला की तलाश जारी
पुलिस टीम ने ओडिशा पहुंचकर जसवंत डूण्डी, मनोज राणा और यश नायक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी करने की बात स्वीकार की। उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। मामले में BNS की धारा 111(1) और 3(5) भी जोड़ी गई है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों और मुख्य महिला आरोपी की तलाश कर रही है।






