Police Uniform Rules: वर्दी में धार्मिक आयोजनों पर रोक, रील्स-वीडियो पोस्ट करने पर भी सख्त एक्शन, केरल DGP का बड़ा आदेश
केवल आधिकारिक ड्यूटी पर मिलेगी छूट, पुलिस की निष्पक्ष और धर्मनिरपेक्ष छवि बनाए रखने के लिए जारी हुआ सर्कुलर

तिरुवनंतपुरम।Kerala Police Uniform Ban केरल पुलिस ने वर्दी के इस्तेमाल को लेकर बड़ा और सख्त फैसला लिया है। पुलिस महानिदेशक (DGP) रावदा ए. चंद्रशेखर ने राज्य के सभी पुलिसकर्मियों के लिए नया सर्कुलर जारी करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी व्यक्तिगत रूप से वर्दी पहनकर किसी भी धार्मिक आयोजन, पूजा, अनुष्ठान या उत्सव में शामिल नहीं होगा। यदि इस निर्देश का उल्लंघन किया गया तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
यह फैसला उन लगातार सामने आए मामलों के बाद लिया गया है, जिनमें पुलिसकर्मी वर्दी में धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होते दिखाई दिए और उनकी तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इन घटनाओं पर मिली शिकायतों के बाद पुलिस मुख्यालय ने वर्दी के उपयोग को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है।
केवल ड्यूटी पर मिलेगी छूट
सर्कुलर में साफ किया गया है कि यह प्रतिबंध उन पुलिसकर्मियों पर लागू नहीं होगा, जिन्हें किसी धार्मिक आयोजन में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था संभालने या भीड़ नियंत्रण जैसी आधिकारिक जिम्मेदारियों के तहत तैनात किया गया हो। ऐसे मामलों में वर्दी पहनना पूरी तरह वैध रहेगा।
वर्दी में रील्स और वीडियो पोस्ट करना भी प्रतिबंधित
केरल पुलिस ने सोशल मीडिया को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया है। नए आदेश के तहत कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी पहनकर धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले वीडियो, रील्स या फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट या शेयर नहीं करेगा। ऐसा करने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
निष्पक्षता और धर्मनिरपेक्ष छवि बनाए रखने की पहल
सर्कुलर में कहा गया है कि पुलिस की वर्दी निष्पक्षता, तटस्थता और कानून के समान पालन का प्रतीक है। इसलिए उसका इस्तेमाल किसी भी ऐसे तरीके से नहीं होना चाहिए, जिससे किसी विशेष धर्म या धार्मिक गतिविधि के समर्थन का संदेश जाए। यह आदेश सिविल पुलिस अधिकारियों से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक सभी रैंकों पर समान रूप से लागू होगा।
केरल पुलिस का यह कदम पुलिस बल की पेशेवर कार्यशैली, धर्मनिरपेक्ष छवि और जनता के विश्वास को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





