कोरबा, 17 जून। NEET-UG Re-Exam : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 की पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी कड़ी में कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों में स्थापित सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रणाली, सुरक्षा इंतजाम, पेयजल, शौचालय और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने परीक्षा की गोपनीयता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि परीक्षार्थियों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हो। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी अनधिकृत प्रवेश पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षा के शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित संचालन के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अमला पूरी तरह तैयार है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि परीक्षा निर्विघ्न संपन्न हो सके।
जिले में 4 परीक्षा केंद्र, 1765 परीक्षार्थी होंगे शामिल
उल्लेखनीय है कि NEET-UG पुनर्परीक्षा 21 जून 2026 (रविवार) को आयोजित होगी। जिले में परीक्षा के लिए 4 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें शासकीय ई.वी. पीजी कॉलेज कोरबा, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-4, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी कोरबा और ईएमआरएस छुरीकला शामिल हैं। परीक्षा में जिले के कुल 1765 परीक्षार्थी शामिल होंगे। निरीक्षण के दौरान एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे, तहसीलदार, केंद्राध्यक्ष और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।