कोरबा।Korba Congress Organization आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन विस्तार को ध्यान में रखते हुए शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने बड़ा संगठनात्मक कदम उठाया है। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर ने जिले के सभी 10 मंडल कांग्रेस कमेटियों के लिए प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर अमल शुरू कर दिया है। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि सभी नव नियुक्त प्रभारी एवं सह प्रभारी संबंधित ब्लॉक पदाधिकारियों, ब्लॉक प्रभारियों और सह प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अपने-अपने मंडलों में जल्द संगठन सृजन अभियान को गति देंगे। इसके तहत वार्ड कमेटियों और बूथ कमेटियों के गठन की प्रक्रिया तेज की जाएगी तथा कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
जारी आदेश के अनुसार सीतामणी मंडल के लिए एफ.डी. मानिकपुरी और आरिफ खान, टी.पी. नगर मंडल के लिए सुधीर जैन और देवीदयाल तिवारी, बुधवारी मंडल के लिए अंतराम प्रजापति और डॉ. डी.आर. नेताम, कोसाबाड़ी मंडल के लिए संजू अग्रवाल और डॉ. रामगोपाल यादव, दर्री मंडल के लिए अशोक लोध और गिरधारी बरेठ, जमनीपाली मंडल के लिए सनीष कुमार और रतनलाल यादव, सर्वमंगला नगर मंडल के लिए संतोष यादव और शत्रुघ्न श्रीवास, भैंरोताल मंडल के लिए नत्थूलाल यादव और डॉ. एल.पी. साहू, पाड़ीमार मंडल के लिए पूर्व एल्डरमेन आशीष अग्रवाल और राजेंद्र सूर्यवंशी तथा नेहरू नगर मंडल के लिए नारायण कुर्रे और रवि खुंटे को प्रभारी एवं सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
मुकेश राठौर ने बताया कि इन नियुक्तियों की जानकारी नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, सांसद ज्योत्सना महंत तथा पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के अनुमोदन के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भी भेज दी गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि शहर जिले के चारों ब्लॉक दर्री, बालको, कुसमुंडा और कोरबा में पहले ही ब्लॉक प्रभारी एवं सह प्रभारियों की नियुक्ति की जा चुकी है। अब मंडल स्तर पर नई जिम्मेदारियां सौंपे जाने के बाद कांग्रेस संगठन बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम करेगा।












