Korba: आउटर में कार्रवाई… शहर में बेखौफ दौड़ रहे रेत लोड ट्रैक्टर-टीपर! खनिज विभाग की मुहिम पर उठे सवाल

News Power Zone
2 Min Read

कोरबा। Korba Illegal Sand Mining जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग लगातार कार्रवाई का दावा कर रहा है। ताजा अभियान में सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, कुसमुंडा और कटघोरा क्षेत्र से अवैध खनिज परिवहन में लगे 9 वाहनों को जब्त किया गया। लेकिन विभाग की इस कार्रवाई के बीच बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि शहर के भीतर दिन-रात रेत से लदे ट्रैक्टर और टीपर खुलेआम सड़कों पर दौड़ते नजर आते हैं, फिर भी उन पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?

 

कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर गठित खनिज उड़नदस्ता दल ने अभियान चलाकर 2 ट्रैक्टर, 2 हाइवा, 2 टीपर तथा 3 अन्य वाहनों को जब्त किया। इन्हें सिटी कोतवाली, सर्वमंगला चौकी, कुसमुंडा थाना, दर्री थाना और कटघोरा खनिज जांच चौकी में सुरक्षित रखा गया है।

खनिज विभाग का कहना है कि अभियान का उद्देश्य अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा करना तथा शासकीय राजस्व की हानि रोकना है। विभाग ने यह भी कहा है कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के प्रमुख मार्गों पर रेत से लदे ट्रैक्टर और टीपर नियमित रूप से गुजरते दिखाई देते हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या कार्रवाई केवल आउटर क्षेत्रों तक सीमित है या फिर शहर के भीतर संचालित अवैध परिवहन पर भी इसी सख्ती से निगरानी की जाएगी। यदि शहर में भी समान रूप से अभियान चलाया जाए तो अवैध खनिज परिवहन पर और अधिक प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकता है।

Share This Article