Uncategorized

Korba News: नीट पेपर लीक को लेकर कांग्रेस का हमला, ‘छात्रों की गूंज’ अभियान में मोदी सरकार पर साधा निशाना

कोरबा। Korba NEET Paper Leak Protest नीट पेपर लीक और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी शहर, युवा कांग्रेस और कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ ने शनिवार को मानिकपुर स्थित ओरिएंटल कॉलेज में संयुक्त कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत आयोजित किया गया, जहां प्रोजेक्टर के माध्यम से अभियान का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में शिक्षा व्यवस्था कमजोर हुई है और सरकार की नीतियों ने शिक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था आज दोहरी चुनौती से जूझ रही है, एक शिक्षा की गुणवत्ता और दूसरी पूरे सिस्टम की पारदर्शिता की।
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश पंकज ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक ने परीक्षा प्रणाली की साख को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से करोड़ों छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उनका आरोप था कि नीट पेपर लीक मामले के बावजूद केंद्र सरकार ने न तो नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार की और न ही शिक्षा मंत्री से जवाबदेही तय की।
कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नारायण कुर्रे ने कहा कि वर्ष 2024 से अब तक नीट, यूजीसी-नेट, सीएसआईआर-नेट, पीजी सीयूईटी, जेईई मेन, बीपीएससी, एसएसएसबी और यूपीएससी सहित कई परीक्षाएं या तो पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने, प्रश्नपत्रों की त्रुटियों, परिणाम में देरी अथवा अन्य तकनीकी गड़बड़ियों के कारण विवादों में रहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन घटनाओं के बावजूद केंद्र सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों के अलावा ओरिएंटल कॉलेज के प्राध्यापक, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करते हुए केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग दोहराई।

Related Articles

Back to top button