Overloading Accident : कोरबा में बड़ा सड़क हादसा…! फैक्ट्री जा रहे मजदूरों की पिकअप पेड़ से टकराई…3 गंभीर
ग्रामीणों ने बचाई कई जिंदगियां
कोरबा, 05 जुलाई। Overloading Accident : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार सुबह मजदूरी पर जा रहे श्रमिकों की पिकअप हादसे का शिकार हो गई। रजगामार चौकी क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और पेड़ से जा टकराई। हादसे में 9 मजदूर घायल हो गए, जिनमें 3 महिला मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी, वाहन के नीचे फंसे मजदूरों को निकाला
जानकारी के मुताबिक, दरगा गांव के 12 से अधिक मजदूर गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री में काम करने जा रहे थे। बनखेता गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद पिकअप पलटकर पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और पिकअप को सीधा कर उसके नीचे फंसे मजदूरों को बाहर निकाला।
तीन महिला मजदूर गंभीर
हादसे में उर्मिला कंवर, अंजली कंवर और सरिता मांझी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। अन्य घायल मजदूरों का भी अस्पताल में इलाज जारी है। घायल मजदूरों ने बताया कि वे रोज की तरह फैक्ट्री में काम करने जा रहे थे, तभी अचानक वाहन पलट गया।
ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर उठे सवाल
प्रारंभिक जांच में हादसे की बड़ी वजह तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि ठेकेदार मजदूरों को लाने-ले जाने के लिए पिकअप वाहनों का इस्तेमाल करता है और कई बार क्षमता से अधिक लोगों को बैठाया जाता है।
पुलिस ने शुरू की जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






