Uncategorized

Supriya Shrinate FIR: रायपुर में बड़ा विवाद! सुप्रिया श्रीनेत और नेहा सिंह राठौर पर FIR, 15 अगस्त के वायरल पोस्ट से जुड़ा मामला

पुराने वीडियो को लेकर विवाद

रायपुर, 18 अगस्त। Supriya Shrinate FIR: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो और तस्वीरों को लेकर विवाद बढ़ गया है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। मामला 15 अगस्त के दिन सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो और कुछ तस्वीरों से जुड़ा है।

पुलिस के मुताबिक, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं लाभांडी निवासी उज्जवल दीपक ने 17 अगस्त को साइबर क्राइम और सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सोशल मीडिया पर धमतरी जिले के कुरूद में राष्ट्रीय ध्वज की जगह भाजपा का झंडा फहराने का दावा करते हुए वीडियो और तस्वीरें साझा की गईं।

पुराने वीडियो को 15 अगस्त से जोड़ने का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि वायरल वीडियो और तस्वीरें 15 अगस्त 2026 की नहीं, बल्कि 22 मार्च 2026 को आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान से संबंधित हैं। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पुराने वीडियो और तस्वीरों को नए संदर्भ में प्रस्तुत कर भाजपा और उसके जनप्रतिनिधियों की छवि खराब करने का प्रयास किया गया। इसी आधार पर उन्होंने संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट सहित अन्य डिजिटल साक्ष्य पुलिस को सौंपे।

सुप्रिया श्रीनेत और रागिनी नायक की टिप्पणी का भी जिक्र

शिकायत के मुताबिक, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर ने संबंधित पोस्ट साझा किया था। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी पोस्ट को शेयर करते हुए तिरंगे के अपमान से जुड़ी टिप्पणी की। वहीं शिकायत में कांग्रेस नेत्री डॉ. रागिनी नायक की टिप्पणी का भी उल्लेख किया गया है। भाजपा नेता ने इन सोशल मीडिया पोस्ट और टिप्पणियों को लेकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद सुप्रिया श्रीनेत और नेहा सिंह राठौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 336(4), 353(2) और 196 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस अब वायरल पोस्ट, वीडियो, तस्वीरों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। शिकायतकर्ता ने पोस्ट के तकनीकी परीक्षण, मूल स्रोत की पहचान और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से मेटाडाटा हासिल करने की मांग भी की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button