Korba News : कलेक्टर का बड़ा एक्शन…! DEO समेत 3 अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश…लापरवाही पर सख्त कार्रवाई
DEO को एक सप्ताह में दूसरी बार नोटिस
कोरबा, 05 अगस्त। Korba News : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। लगातार चेतावनी और समीक्षा बैठकों के बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं होने पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) तामेश्वर उपाध्याय, पाली के विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और समाज कल्याण विभाग के उप संचालक का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
DEO को एक सप्ताह में दूसरी बार नोटिस
मंगलवार को आयोजित समय-सीमा (TL) बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति, फ्लैगशिप योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। शिक्षा विभाग के कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने DEO को कड़ी फटकार लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने और वेतन रोकने का आदेश दिया। खास बात यह है कि DEO को एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार नोटिस जारी किया गया है।
CMO और BEO भी कार्रवाई की जद में
कलेक्टर ने पाली और छुरी नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (CMO) को लंबित टीएल प्रकरणों के समय पर निराकरण नहीं करने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं पाली के BEO के खिलाफ भी नोटिस जारी कर वेतन रोकने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
नशा मुक्ति अभियान में सुस्ती पर कार्रवाई
नशा मुक्ति अभियान में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाने पर समाज कल्याण विभाग के उप संचालक का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाले अभियानों में किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
अधिकारियों को सख्त संदेश
कलेक्टर कुणाल दुदावत पिछले कई महीनों से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, राजस्व और जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। बार-बार निर्देशों के बावजूद कार्यों में सुधार नहीं होने पर अब प्रशासन ने सीधे सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि फ्लैगशिप योजनाओं, जनहित के कार्यों और लंबित मामलों में लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।






