BreakingFeaturedकोरबासामाजिक

Korba Breaking: कलेक्टर ने PWD एसडीओ को नोटिस जारी करने का दिया निर्देश..NH पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर..

बालको ऐश डेक रोड से बजरंग चौक तक ट्रैफिक डायवर्जन की तैयारी, सड़क मरम्मत में देरी पर अधिकारियों की जवाबदेही तय, NH पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर भी चलेगा बुलडोजर।


कोरबा। Risda Bridge Repair Korba रिस्दा ब्रिज की मरम्मत में हुई देरी पर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने निर्धारित समय सीमा में मरम्मत का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत नहीं किए जाने पर गहरी नाराजगी जताई और लोक निर्माण विभाग (सेतु) के एसडीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने बालको ऐश डेक रोड, रिस्दी ब्रिज से बजरंग चौक मार्ग तक सड़क मरम्मत कार्य को जल्द शुरू कराने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु समिति गठित करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता (EE) को यातायात विभाग के साथ समन्वय कर वैकल्पिक मार्ग तय करते हुए मरम्मत कार्य तत्काल शुरू करने को कहा।

बैठक में कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों और अतिक्रमण पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। बिलासपुर-अंबिकापुर और कोरबा-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ढाबों, रेस्टोरेंटों और अन्य स्थानों पर अवैध रूप से खड़े ट्रकों को हटाने, अतिक्रमण समाप्त कराने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों के संकेत बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए।

सड़क सुरक्षा को लेकर भी कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को परिवहन एवं यातायात विभाग के साथ मिलकर हर सप्ताह स्कूल और कॉलेजों में हेलमेट रैली, निबंध, क्विज प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक और अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि रिस्दा ब्रिज की मरम्मत आखिर कब शुरू होगी और लोगों को जाम व हादसों की समस्या से कब राहत मिलेगी?

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button