
कोरबा। छठ पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष तैयारियां की हैं। प्रशासन की ओर से शहर के प्रमुख छठ घाटों का सौंदर्यीकरण, सफाई, रंग-रोगन, लाइटिंग और पार्किंग की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें।

इसी के तहत कोरबा पुलिस ने भी सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल, यातायात बल और गोताखोरों की तैनाती की है। बड़े छठ घाटों में पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां से लगातार सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश प्रसारित किए जाएंगे।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे छठ पूजा के दौरान नदी या तालाब के गहरे पानी में न जाएं, बच्चों का विशेष ध्यान रखें और वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें। साथ ही, पूजा घाट आने-जाने के रास्तों पर वाहन खड़ा न करने और उठाईगिरी व जेबकतरों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यातायात व्यवस्था के लिए जारी विशेष निर्देश:
छठ पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए भारी वाहनों के परिचालन पर अस्थायी रोक लगाई गई है।
- दिनांक 27 अक्टूबर 2025 को दोपहर 3:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक
- दिनांक 28 अक्टूबर 2025 को प्रातः 3:00 बजे से सुबह 8:00 बजे तक
- इन दोनों अवधियों में कोरबा, बालको, दर्री, दीपका, कुसमुंडा और हरदीबाजार नगर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और छठ पर्व को शांति, श्रद्धा और सौहार्द के साथ मनाएं।



