Featuredक्राइमछत्तीसगढ़

Illegal Sand Mining: रेत घाट पर चली गोली..एक घायल, पुलिस घेरे में उलझा गांव…

राजनांदगांव। शहर के मोहड़ वार्ड में रेत तस्करों ने शिवनाथ नदी में अवैध उत्खनन से रोके जाने पर एक युवक पर देशी कट्टे से गोली चला दी। गोली युवक के गले को छुकर निकल गई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया जबकि ग्रामीणों ने यहां उत्‍खनन में लगी जेसीबी मशीन और डंपर चालक को पकड़ लिया। घायल युवक को पेंड्री स्थित मेडिकल कॉलेज में दाखिल किया गया है।

वहीं इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उन्होंने पार्षद संजय रजक पर भी इसमें संलिप्त होने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने आरोपितों और पार्षद को ले जा रहे पुलिस वाहन को घेर रखा है। खबर लिखे जाने तक मोहड़ में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

बुधवार की शाम गांव में संत कबीर की जयंती पर त्यौहार मनाया जा रहा था। इसी दौरान गांव से लगी शिवनाथ नदी में जेसीबी से रेत उत्खनन किया जा रहा था। यहां ग्रामीणों ने उनसे पूछताछ की तो विवाद खड़ा हो गया। इस बीच ही एक आरोपित ने युवकों को पहले तो कट्टा दिखाया और इसके बाद अचानक फायरिंग कर दी।

इस घटना में गांव का युवक रौशन मंडावी घायल हो गया। तस्करों ने तीन युवकों के साथ मारपीट की जिनमें से दो घायल हैं। आरोपित हमलावर मौका देखते ही घटनास्थल से भाग खड़ा हुआ। ग्रामीणों को इसकी भनक लगते ही उन्होंने बाकी मौजूद लोगों को बंधक बना लिया। ग्रामीणों ने स्थानीय पार्षद संजय रजक पर भी इसमें संलिप्त होने के आरोप लगाए और उसे भी पकड़े रखा।

जानकारी मिलते ही पुलिस दलबल के साथ मौके लिए रवाना हुई। उन्होंने आरोपितों और पार्षद को अपने कब्जे में लिया। पुलिस का वाहन उन्हें लेकर निकल ही रहा था कि, ग्रामीणों ने गाड़ी को घेर लिया। घायल युवक की मां गाड़ी के सामने लेट गई। ग्रामीण हमलावर को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। जबकि पुलिस जल्द उसकी गिरफ्तारी और कार्रवाई का आश्वासन दे रही है।

पहली बार ऐसी घटना

बताया गया कि लंबे समय से मोहड़ में अवैध तरीके से रेत उत्खनन और तस्करी की शिकायतें आ रही थी। बताया जा रहा है कि वर्तमान में रायपुर के कुछ लोगों द्वारा यहां उत्खनन करवाया जा रहा था। साथ ही जिले में रेत व मुरम तस्करी की लगातार शिकायतें आती रही है, लेकिन पहली बार ऐसी घटना हुई है।

Related Articles

Back to top button